उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया। आरोप है कि निकाह के करीब डेढ़ महीने बाद ही मियाँ शमशेर अहमद ने अपनी बीवी मुफीदूननिशा की हत्या कर शव घर में दफना दिया। इसके बाद शमशेर अहमद ने बीवी की अम्मी को फोन कर हत्या की जानकारी दी। पुलिस ने मियाँ समेत ससुर हबीबुल्ला और सास खुशबून्निशा को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र का है। मृतका की अम्मी का कहना है कि 14 जुलाई को उनके दामाद का फोन आया था। उसने कहा कि ‘तुम्हारी बेटी को मारकर घर में दफना दिया है।’ यह बात सुनते ही परिवार के लोग सदमे में आ गए। इसके बाद मृतका की अम्मी तुरंत पुलिस के पास पहुँचीं और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
डेढ़ महीने पहले हुआ था निकाह
20 वर्षीय मुफीदूननिशा का निकाह इसी साल 1 जून को मुस्लिम तौर-तरीके से हुआ था। वह संतकबीर नगर जिले के दशहवा गाँव की रहने वाली थीं। उनका निकाह सिद्धार्थनगर जिले के चकमझारी गाँव निवासी शमशेर अहमद से हुआ था। परिवार का कहना है कि निकाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की माँग शुरू कर दी थी। इसी बात को लेकर बेटी को लगातार परेशान किया जाता था।
मृतका की अम्मी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। अधिकारियों की मौजूदगी में घर के एक कमरे की खुदाई कराई गई। वहाँ से महिला का शव बरामद किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी जाँच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष एक लाख रुपए की माँग कर रहा था। जब यह माँग पूरी नहीं हुई तो बेटी को लगातार प्रताड़ित किया गया। परिजनों का कहना है कि निकाह के बाद से ही उसके साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आखिरकार दहेज की माँग को लेकर उसकी जान ले ली गई।
पुलिस ने तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार
मृतका की अम्मी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का निकाह बड़े अरमानों के साथ किया था। उन्होंने कहा कि अभी निकाह को डेढ़ महीना भी पूरा नहीं हुआ था। उनके मुताबिक, दामाद शमशेर अहमद ने फोन पर सिर्फ इतना कहा कि बेटी को मारकर दफना दिया है। इसके बाद फोन काट दिया। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी का कोई कसूर नहीं था और उन्हें पहले कभी यह नहीं बताया गया कि हालात इतने खराब हो चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जाँच की जा रही है और जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। क्षेत्राधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि मृतका की अम्मी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जाँच की जा रही है। दहेज के आरोपों के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल होगी। जाँच पूरी होने के बाद तथ्य अदालत के सामने रखे जाएँगे।

