कार में थे 4 बच्चे… लोहे की रॉड-डंडे से हमला कर रहे थे बाइक सवार: महिला ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो परिवार का 15 किमी तक पीछा करते रहे गुंडे

महाराष्ट्र के नासिक के इगतपुरी का भवली डैम और वॉटरफॉल में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। एक परिवार जब वहाँ घूमने पहुँचा तो परिवार की महिला के साथ स्थानीय युवकों ने छेड़छाड़ किया। इसका विरोध करने पर कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपितों ने न सिर्फ परिवार के साथ मारपीट की, बल्कि लगभग 15 किलोमीटर तक उनका पीछा भी किया।

परिवार ने पुलिस को बताया है कि आरोपितों ने रास्ते में कई बार उन्हें रोकने की कोशिश की। लाठी और लोहे के रॉड से उनकी कार पर हमला किया। इससे कार का शीशा टूट गया। इस दौरान डरा सहमा परिवार किसी तरह से अपनी जान बचाकर पुलिस तक पहुँचा।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग परिवार की कार का पीछा करते दिख रहे हैं, जिनमें से एक के पास लोहे की छड़ें हैं।

इस मामले में इंगतपुरी पुलिस स्टेशन और नासिक शहर के अंबड़ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने अब तक 9 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों में से एक पर पहले से हत्या का मामला दर्ज है।

पिकनिक स्पॉट बना बुरा सपना

8 लोगों के परिवार में 4 बच्चे थे जो भावली डैम घूमने गया था। ये लोग पिकनिक मना कर वापस निकलने की तैयारी कर रहे थे, तभी दो लोग कथित तौर पर परिवार की एक महिला के साथ अभद्र टिप्पणियां करना और उसे परेशान करना शुरू कर दिया।

महिला ने इसका विरोध किया। इस पर दोनों आरोपितों से उसकी बहस होने लगी। इस दौरान महिला का पति भी आ गया और विवाद बढ़ गया।

पीड़िता के अनुसार, जल्द ही कई और लोग आरोपितों का साथ देने के लिए वहाँ आ गए। महिला और उसका परिवार जल्दी जल्दी किसी तरह उनसे पीछा छुड़ाने के लिए कार में बैठा और निकलने की कोशिश की।

हथियार लेकर कार का पीछा किया, शीशा तोड़ने की कोशिश की

हालाँकि आरोपितों ने कथित तौर पर उनकी गाड़ी को रोक लिया, लोहे की छड़ों से उस पर हमला किया और फिर कई किलोमीटर तक मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बार-बार परिवार की कार को ट्रैफिक धीमा होने पर रोकने की कोशिश की। इस दौरान लोहे के रॉड और डंडों से गाड़ी की खिड़कियाँ तोड़ने की कोशिश की गई। कार को क्षतिग्रस्त किया। पीछा करने के दौरान चारों बच्चे कार के अंदर ही थे।

परिवार के मुताबिक, “हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि वे हमारा इस तरह पीछा करेंगे। उन्होंने लोहे की छड़ों से हमारी कार पर चारों ओर से हमला किया। हमें डर था कि अगर हम रुके तो वे हमें मार डालेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि बच्चे अभी भी हमले से सदमे में हैं। पीड़िता ने आरोपितों को कड़ी सजा देने की माँग की। उसका कहना है कि यह संदेश देना आवश्यक है कि महिलाओं को उत्पीड़न के खिलाफ मुँह खोलने पर डराया नहीं जा सकता। मामले की जाँच जारी है।