ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार LoC पर बड़ी गोलीबारी, भारतीय सेना ने नाकाम की पाकिस्तानी घुसपैठ की कोशिश: 2 घंटे तक होती रही फायरिंग

पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी नापाक हरकत करने की कोशिश की है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार बड़े स्तर पर गोलीबारी हुई है। शुक्रवार (17 जुलाई 2026) की रात तारकुंडी फॉरवर्ड एरिया में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद भारतीय सेना ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।

इसके बाद पाकिस्तान की ओर से भी छोटे हथियारों से फायरिंग की गई और दोनों तरफ से करीब दो घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में भारतीय सुरक्षा बलों को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।

संदिग्ध गतिविधि देखते ही सेना ने शुरू की कार्रवाई

अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे सीमा पर तैनात जवानों ने कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधि देखी। आशंका थी कि पाकिस्तान की ओर से आतंकवादियों को गोलीबारी की आड़ में भारतीय सीमा में दाखिल कराने की कोशिश की जा रही है। भारतीय सैनिकों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की, जिसके जवाब में पाकिस्तान की चौकियों से भी गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि सतर्कता के कारण घुसपैठ की कोशिश सफल नहीं हो सकी।

पूरे इलाके में हाई अलर्ट, तलाशी अभियान जारी

शनिवार सुबह होते ही सेना ने तारकुंडी और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। अभियान का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं कोई घुसपैठिया अंधेरे और फायरिंग का फायदा उठाकर भारतीय क्षेत्र में छिप तो नहीं गया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और निगरानी के लिए आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बड़ी घटना

सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के बाद नियंत्रण रेखा पर यह पहली बड़ी गोलीबारी मानी जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से फायरिंग का उद्देश्य आतंकवादियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने के लिए कवर देना था। भारतीय सेना की त्वरित कार्रवाई से यह प्रयास विफल हो गया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियाँ पूरे घटनाक्रम की जाँच कर रही हैं और सीमा पर हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।