उत्तर प्रदेश के मेरठ में कृष्णा किड्स प्ले स्कूल के संचालक अतुल कुमार पंवार की उनकी पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार पायला उर्फ निक्की और दो सपेरों के साथ मिलकर जहरीले करैत साँप से डसवाकर हत्या करा दी।
आरोप है कि हत्या को सामान्य साँप काटने की घटना दिखाने की पूरी साजिश रची गई थी, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस का कहना है कि इस साजिश के पीछे 20 लाख रुपए की बीमा राशि हासिल करना और प्रेमी के साथ रहना मुख्य मकसद था।
पहले नींद की गोलियाँ खिलाईं, फिर बिस्तर पर छोड़ा करैत सांप
पुलिस जाँच के अनुसार, वारदात वाली रात दामिनी ने पति अतुल के दूध और खाने में नींद की गोलियाँ मिला दीं, जिससे वह गहरी नींद में चले गए। इसके बाद रात करीब 2 बजे प्रेमी तुषार और दो सपेरे जहरीला करैत साँप लेकर घर पहुँचे। आरोप है कि साँप को अतुल के बिस्तर पर छोड़ दिया गया, जहाँ उसने उन्हें डस लिया। वारदात के बाद तुषार और दोनों सपेरे वहाँ से चले गए, जबकि दामिनी अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में जाकर सो गई।
स्वाट टीम देहात व थाना हस्तिनापुर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में पत्नी द्वारा पति को सांप से कटवाकर हत्या करने की घटना का कुछ ही घंटों में सफल अनावरण करने के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ महोदय की बाइट। #UPPolioce #MeerutPolice @dgpup https://t.co/5nBuI3aXMi pic.twitter.com/UDrHnwXhJx
— MEERUT POLICE (@meerutpolice) July 18, 2026
सुबह करीब 6 बजे दामिनी कमरे में पहुँची और शोर मचाते हुए परिवार वालों को बताया कि अतुल को साँप ने काट लिया है। कमरे में साँप मौजूद था और अतुल के पैर पर डसने के निशान भी मिले, जिससे शुरुआत में सभी को लगा कि यह प्राकृतिक हादसा है।
पूछताछ में पत्नी के बयान से बढ़ा शक
मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब पूछताछ के दौरान दामिनी ने कहा कि उसे गर्मी लग रही थी, इसलिए वह रात में बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई थी। उसके इस बयान पर परिवार को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस ने दामिनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जाँच में सामने आया कि उसकी स्कूल के वैन चालक तुषार पायला से लगातार बातचीत होती थी। पुलिस ने तुषार को हिरासत में लिया तो पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हो गया।
पहले भी हत्या की कोशिश कर चुके थे आरोपित
पुलिस जाँच में यह भी सामने आया कि यह पहली बार नहीं था जब अतुल की हत्या की कोशिश की गई। आरोप है कि कुछ समय पहले अतुल को एक अर्टिगा कार से टक्कर मारकर मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह बच गए। उस मामले में भी दामिनी ने मुकदमा दर्ज कराने से इनकार कर दिया था।
जाँच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि पिछले करीब एक साल से दामिनी पति के खाने में नशीली गोलियाँ मिला रही थी। अतुल को इस बात का शक भी हो गया था और उन्होंने अपनी माँ से इसकी शिकायत की थी। कई बार तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा था।
प्रेम प्रसंग और बीमा राशि बना हत्या का मकसद
पुलिस के अनुसार, तुषार पिछले करीब दो वर्षों से अतुल के स्कूल में 10 हजार रुपए महीने की नौकरी कर रहा था। इसी दौरान उसकी दामिनी से नजदीकियाँ बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों साथ रहना चाहते थे, लेकिन अतुल उनके रिश्ते में बाधा बन रहे थे।
पुलिस का दावा है कि अतुल ने 20 लाख रुपए का जीवन बीमा कराया हुआ था। आरोपितों की योजना थी कि हत्या को प्राकृतिक सांप काटने की घटना दिखाकर बीमा की रकम हासिल की जाए। इसके बाद तुषार अपनी पत्नी को तलाक देकर दामिनी के साथ नई जिंदगी शुरू करता।
दो सपेरों को 5 लाख रुपए में किया गया था तैयार
जाँच में सामने आया कि जब पहले की योजनाएँ सफल नहीं हुईं तो तुषार ने अपने परिचित दो सपेरों सोनू और उदय से संपर्क किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों को 5 लाख रुपए देने का सौदा तय हुआ। वारदात से पहले बाजार से नींद की गोलियाँ खरीदी गईं और फिर पूरी योजना के तहत जहरीले करैत सांप का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने तुषार के मोबाइल फोन से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर भी बरामद करने का दावा किया है। जाँच अधिकारियों के अनुसार, यह तस्वीर घटनास्थल पर मिले सांप से मेल खाती है।
7 साल पहले की थी लव मैरिज, साथ मिलकर चलाते थे स्कूल
अतुल और दामिनी ने करीब सात साल पहले परिवार की इच्छा के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। चार साल पहले अतुल ने निजी नौकरी छोड़कर हस्तिनापुर में कृष्णा किड्स प्ले स्कूल शुरू किया था। यह स्कूल नर्सरी से पाँचवीं कक्षा तक संचालित होता है, जहाँ करीब 150 बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल का संचालन पति-पत्नी दोनों मिलकर करते थे।
परिवार के अनुसार, दामिनी की अपने ससुराल वालों से नहीं बनती थी। उसने किसी पुरोहित की सलाह का हवाला देते हुए परिवार से अलग रहने की बात कही थी। इसके बाद दंपति अपने छह वर्षीय बेटे के साथ किराए के मकान में रहने लगे थे।
पुलिस ने चारों आरोपितों को किया गिरफ्तार
मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि शुरुआत से ही मामला संदिग्ध लग रहा था। सर्विलांस, CCTV फुटेज, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर पूरी साजिश का खुलासा हुआ।
पुलिस ने पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार पायला तथा दोनों सपेरों सोनू और उदय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी विस्तृत जाँच जारी है और सभी साक्ष्यों को अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।

