प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) ने दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को फंडिंग देने का ऐलान किया है। साथ ही, इस आतंकी संगठन ने युवाओं को लिए समाधान के तौर पर भारत को तोड़ने के लिए भड़काया है। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के नेतृत्व वाले SFJ ने कहा है कि वो CJP के लिए 10 लाख डॉलर (लगभग 9.6 करोड़ रुपए) की आर्थिक मदद देगा।
SFJ ने X पर एक भारत विरोधी पोस्ट में यह ऐलान किया है। इस पोस्ट में आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू का एक वीडियो भी है इसमें कहा गया है, “CJP के लिए 10 लाख डॉलर देने का ऐलान किया। मोदी की BJP को सत्ता से हटाने के लिए। मोदी के 15 अगस्त के समारोहों को रोकने के लिए। CJP-छात्रों के नाम संदेश। हम सभी इस बात से सहमत हैं कि ‘दिल्ली-मोदी का पतन तय है’।”
इस पोस्ट में कहा गया है, “जैसा कि हमारी Zoom मीटिंग में बताया गया था, युवाओं के लिए एकमात्र वास्तविक समाधान है, ‘भारत का विघटन, बँटवारा और बाल्कनीकरण’। मैं दोहरा रहा हूँ, जैसा कि Zoom बैठक के दौरान कहा गया था कि SFJ छात्र आंदोलन के लिए 10 लाख डॉलर देने जा रहा है। इसके लिए कुछ शर्तें हैं- CJP के छात्र मोदी सरकार के साथ किसी भी बातचीत से इनकार करें। CJP के छात्र 15 अगस्त तक अपना प्रदर्शन जारी रखें।”

SFJ की इस पोस्ट में कहा गया है, “15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस नहीं है, न छात्रों के लिए और न ही सिखों के लिए। हम 15 अगस्त को लाल किले पर भारतीय प्रधानमंत्री को रोकेंगे और मोदी को स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करने से रोकेंगे। इसके बाद, 16 अगस्त को इंडियानापोलिस में SFJ पंजाब को भारतीय कब्जे से मुक्त कराने के लिए खालिस्तान जनमत संग्रह आयोजित करेगा।”
इस पोस्ट में छात्रों को भड़काते हुए कहा गया है, ” CJP के छात्रों, जब आपकी अपनी BJP सरकार ने आप पर गोली चलाई, तब आपने गुरु हरिकृष्ण साहिब के बंगला साहिब गुरुद्वारे में शरण ली। यह साफ दिखाता है कि सिख आज भी युवाओं के रक्षक हैं। मैं CJP के छात्रों से अपील करता हूँ कि वे मोदी को सत्ता से हटाने के लिए जनमत संग्रह की घोषणा करें। 10 लाख डॉलर की मदद आ रही है।”

