बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने समय से पहले दिया इस्तीफा, ‘जमात’ वाले कर रहे गिरफ्तारी की माँग: जानिए रिजाइन की वजह, कौन संभालेगा कुर्सी?

बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा होने के 2 साल पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने संसद के अध्यक्ष मेजर (रिटायर्ड) हाफिज उद्दीन अहमद को आज शाम (24 जुलाई 2026) अपना त्यागपत्र सौंपा।

बांग्लादेशी मीडिया में इस फैसले के पीछे उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को वजह बताया गया है। जबकि कुछ जगह ये कहा जा रहा है कि इस इस्तीफे की वजह शेख हसीना से करीबी और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ खटास है।

शहाबुद्दीन ने क्यों दिया इस्तीफा, क्या बताया गया- क्या हुआ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तो शहाबुद्दीन ने अपने इस्तीफे में लिखा है- “मैं लंबे समय से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और किडनी की बीमारी से जूझ रहा हूँ। डॉक्टरों ने मुझमें ऑटोनॉमिक न्यूरोपैथी नाम की बीमारी का पता लगाया है। इस बीमारी की वजह से कई बार अचानक कुछ समय के लिए बेहोशी आ जाती है। शारीरिक और मानसिक स्थिति को देखते हुए अब राष्ट्रपति जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद की जिम्मेदारियाँ निभाना संभव नहीं है।”

हालाँकि, लोग इस इस्तीफे की वजह, उस माहौल को मान रहे हैं जो उनके खिलाफ बांग्लादेश में बन रहा था।

याद दिला दें कि शहाबुद्दीन पिछले दिनों लंदन यात्रा के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ संपर्क साधने को लेकर सुर्खियों में आए थे। इसके अलावा उनकी और शेख हसीना की बातचीत लीक होने की खबरें भी आई थी। इस घटना के बाद से ही बांग्लादेश की राजनीति में उनकी निष्ठा को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए थे और अब इस्तीफे की खबर आई है।

उल्लेखनीय है कि 2024 में हुए राजनीतिक उलटफेर के बावजूद, शहाबुद्दीन अवामी लीग के समय के एकमात्र ऐसे शीर्ष नेता थे जो अपने पद पर बने हुए थे। तारिक रहमान की सरकार उनकी राजनीतिक गतिविधियों से नाखुश थी। इसके अलावा मुल्क के भीतर चल रही राजनीतिक हवा भी उनके खिलाफ हो गई थी।

कुछ समय पहले जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा मुल्क लौटने के सार्वजनिक ऐलान किया था, तब भी बांग्लादेश में तनाव फैल गया था, जिसका सीधा असर शहाबुद्दीन की स्थिति पर पड़ा। इस्लामी कट्टरपंथी उनके खिलाफ हो गए।

कौन संभालेगा बांग्लादेश के राष्ट्रपति की कुर्सी

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बांग्लादेश का अगला राष्ट्रपति कौन बनेगा? बांग्लादेशी संविधान के नियमों के अनुसार यदि राष्ट्रपति अपने कार्यकाल के बीच में इस्तीफा देते हैं या पद छोड़ते हैं, तो नए राष्ट्रपति का औपचारिक चुनाव होने तक संसद के अध्यक्ष कार्यवाहक के रूप में राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस नियम के तहत शहाबुद्दीन के इस्तीफे के बाद अब संसद अध्यक्ष हाफिजुद्दीन अहमद देश के कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर पदभार संभालेंगे।

गिरफ्तारी की माँग

गौरतलब है कि राष्ट्रपति पद से इस्तीफे के बाद कहा जा रहा है कि जमात से जुड़े संगठन ‘इंकिलाब मंच’ के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका के शाहबाग इलाके में पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन की गिरफ्तारी की माँग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

इसकी वीडियो बांग्लादेश के खोजी पत्रकार शहीदुल हसन ने साझा की है। वीडियो को लेकर यही दावा है कि इसमें शहाबुद्दीन की गिरफ्तारी की माँग है। इसमें बुर्काधारी महिलाओं के हाथ में बैनकर पकड़कर जमात के लोगों को चलते देखा जा सकता है।