तालिब-आबिद-गुलबहार ने शिव मंदिर में की चोरी, पीतल के घंटे-लोटे-दीपक-कान्हाजी का झूला तक कर दिया सफा: UP पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शिव मंदिर से सामान चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर से पीतल के घंटे, लोटे, बड़े दीपक और कान्हाजी का झूला और इन्वर्टर चोरी किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्ऱवाई करते हुए 24 घंटे में तालिब, आबिद और गुलबहार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना उस समय सामने आई जब भरत विहार कॉलोनी निवासी प्रवीण कुमार शर्मा ने 23 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली देहात में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि शिव मंदिर से अज्ञात चोरों ने सामान और इन्वर्टर चोरी कर लिया है।

पुलिस ने प्रवीण कुमार की शिकायत पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ण पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी द्वितीय और थाना प्रभारी ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

इसके अलावा चोरी के मामलों में जेल जा चुके अपराधियों से भी पूछताछ की। टीम को जाँच के दौरान कुछ जरूरी सुराग मिले। इसके बाद तकनीकी जाँच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

तीनों आरोपितों की पहचान तालिब उर्फ मिंडा, आबिद और गुलबहार के रूप में हुई है। पुलिस ने इन आरोपितों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपितों ने चोरी की बात कबूली, जिसके बाद उनके पास से चोरी किया गया सारा सामान बरामद किया गया। बरामद किए गए सामान में पीतल के घंटे, लोटे, बड़े दीपक, कान्हाजी का झूला और इन्वर्टर शामिल है।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी और सामान बरामद करने के बाद संबंधित धाराओं को बढ़ाया गया है। साथ ही कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें कोर्ट में भी पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि मामले की जाँच में सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और पुलिस टीम की जाँच ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके चलते 24 घंटे में आरोपितों को सलाखों से पीछे खड़ा किया गया।