NEET पेपर लीक के विरोध में शनिवार (25 जुलाई) को हुए बिहार बंद के दौरान सीवान में उग्र प्रदर्शन हुआ। इस दौरान AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले पुलिस जवान को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर घटना का Video वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया।
इसके बाद कार्रवाई करते हुए जवान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। आरोपित जवान की पहचान SIT टीम में तैनात अभिषेक कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो एसपी की सुरक्षा में तैनात था।
हवाई फायरिंग में तीन छात्रों को लगी गोली
यह पूरी घटना सीवान के जेपी चौक की है, जहाँ जवान ने AK-47 से गोलियाँ चलाई थीं। इस फायरिंग में 3 छात्रों को गोली लगने की बात सामने आई है। घटना का Video सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। Video Viral होने के बाद इस कार्रवाई पर कई तरह के सवाल उठे, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने तुरंत विभागीय जाँच शुरू कर दी और प्रारंभिक कार्रवाई के रूप में जवान को सस्पेंड कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 25 जुलाई को सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी सीवान के गाँधी मैदान में जुटने लगे थे। धीरे-धीरे इस प्रदर्शन ने बहुत उग्र रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने शहर के कई हिस्सों में जमकर हंगामा किया और पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। गाँधी मैदान और जेपी चौक के पास प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे हालात बेकाबू हो गए।
एसपी पी झा के पैर में लगी चोट
इस हिंसक झड़प और पथराव के दौरान सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पी झा (पुराण कुमार झा) घायल हो गए। उनके पैर में चोट आई थी। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मी और ड्यूटी पर मौजूद पत्रकार भी इस पथराव की चपेट में आकर घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। जब भीड़ नहीं मानी, तब पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया।
अधिकारियों का साफ कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जाँच कराई जा रही है। यदि जाँच के दौरान किसी अन्य पुलिसकर्मी की भी कोई भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर कोई कोताही न बरती जाए।

