उत्तर प्रदेश के बरेली के चर्चित कारोबारी सियाराम श्रीवास्तव हत्याकांड में आरोपित मोहम्मद अरमान का अजीबोगरीब दावा सुनकर पुलिस भी हैरान है। आरोपित ने पुलिस को बताया है कि उसे सफेद घोड़े दिखते थे और जिन्न उसके कान में हत्या करने के लिए कहता था।
पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूलते हुए मोहम्मद अरमान ने ये बातें कही है। उसने कहा कि पिछले डेढ़ साल से जिन्न उसे परेशान कर रहा था और उसकी कानों के पास आकर गंदी-गंदी गालियाँ देता था। उसके कहने पर ही उसने मर्डर किया है।
जानबूझकर वैन से मारी टक्कर, फिर चाकू से गोदा
24 जुलाई 2026 को मॉर्निंग वॉक पर निकले किराना कारोबारी श्रीवास्तव को चाकू से गोद कर बेरहमी से हत्या करने का मोहम्मद अरमान पर आरोप है। स्थानीय पुलिस अधिकारी मुकेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित अरमान ने कबूला कि वह नशे का आदी है। वह सूखा नशा करता है।
घटना वाले दिन वह सुबह वैन लेकर पैसों के इंतजाम के लिए निकला था। बिबियापुर रोड पर मॉर्निंग वॉक करते हुए उसने एक व्यक्ति को देखा और जानबूझकर उसे टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद उसने चाकू से गर्दन और सीने में कई बार वार किए। मृतक के जेब से मोबाइल और 1200 रुपए निकाल लिए। उसका कहना है कि उसे एक महिला जिन्न हत्या के लिए उकसाती थी। वह उसके कान में गंदी गंदी गालियाँ देती है। पुलिस इसे नशे का असर मान रही है।
सबूत मिटाने में लगा था अब्बू
अरमान ने लूट और हत्या की वारदात को अपने अब्बू इम्तियाज अहमद को बताई। दोनों ने मिलकर खून से सने कपड़े को साफ किया। हत्या में इस्तेमाल चाकू और मृतक से लिया मोबाइल थैले में रख कर छिपाया और वैन को राइस मिल में खड़ा कर दिया। पुलिस ने जाँच के बाद सबूत छिपाने के आरोप में अब्बू को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को शुरुआती जाँच में संपत्ति विवाद नजर आया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सफेद रंग के संदिग्ध वैन का पता चला। पुलिस ने वैन चालक मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ में सारी बातें सामने आई हैं। पुलिस का मानना है कि नशे का अरमान इतना आदी है कि उसे महिला जिन्न दिखता है और उसकी कहानी भी सामने आ जाती है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, चाकू, वैन, नकदी और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

