छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर चप्पल मारने वाली औरत के मुँह पर जनता ने पोती स्याही: दोनों Video वायरल, शिकायत के बाद पुलिस ने पकड़ा

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति का अनादर करती दिख रही है। इस घटना के सामने आते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर भी लोगों का आक्रोश फैल गया। बताया जा रहा है कि यह घटना पुणे के हडपसर इलाके के सासाणे नगर की है।

वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि महिला शिवाजी महाराज की मूर्ति की तरफ बढ़ती है, अपनी चप्पलें उतारती है और उन्हें मूर्ति पर फेंक देती है। महिला की इस हरकत से स्थानीय लोग बेहद आहत और गुस्से में आ गए। लोगों ने उसे ढूँढ निकाला और मौके पर ही घेर लिया। महिला की पहचान अश्विनी दगड़े के तौर पर बताई जा रही है।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि गुस्साई भीड़ ने महिला को चारों तरफ से घेर रखा है। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक दूसरी महिला ने उसके चेहरे पर स्याही पोत दी और उसे कई थप्पड़ जड़ दिए। बाद में लोगों ने महिला को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लोगों को भरोसा दिलाया है कि आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी, इसका पता अभी नहीं चल पाया है।

छत्रपति शिवाजी महाराज सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रेरणास्रोत और बेहद सम्मानित जननायक हैं। 17वीं सदी में उन्होंने मुगल आक्रांताओं से लोहा लेते हुए ‘हिंदवी स्वराज’ की नींव रखी थी। ऐसे में उनकी प्रतिमा के साथ हुई इस अशोभनीय हरकत पर लोगों की ऐसी प्रतिक्रिया आना स्वाभाविक है।