जेवर एयरपोर्ट अब ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’, योगी कैबिनेट की मंजूरी: PM मोदी के 25 साल के सेवाकाल पर अभिनंदन प्रस्ताव भी पास

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लिया। जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम अब ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा जेवर‘ होगा। कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

लखनऊ स्थित लोकभवन के मीडिया सेंटर में मुख्यमंत्री योगी ने पत्रकारों को इसकी जानकारी दी। उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद थे। राजग सहयोगी दलों के मंत्री आशीष पटेल, ओम प्रकाश राजभर, संजय निषाद और अनिल कुमार भी वार्ता में शामिल रहे। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से उत्तर प्रदेश देश के सबसे बड़े विमानन केंद्र के रूप में उभरने की ओर बढ़ रहा है।

PM मोदी के 25 साल पर अभिनंदन प्रस्ताव

योगी सरकारी की कैबिनेट ने एक और प्रस्ताव पास किया। सरकार प्रमुख के तौर पर नरेंद्र मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा के अभिनंदन में मंत्रिपरिषद ने विशेष प्रस्ताव मंजूर किया। यह सफर 7 अक्टूबर को 25 वर्ष का हुआ था।

सीएम योगी ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश से सांसद हैं। 2014 में काशी पहुँच कर नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उन्हें माँ गंगा ने बुलाया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, काशी से शुरू हुआ यही जुड़ाव प्रदेश के विकास की बुनियाद बना।

‘2017 से पहले असुरक्षा थी, अब निवेश की पहचान’

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 से पहले प्रदेश प्रशासनिक सुस्ती, असुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पारदर्शी और तकनीक आधारित शासन अपनाया गया, कानून व्यवस्था सुधरी और निवेश का माहौल बना। उनके अनुसार डबल इंजन सरकार के तालमेल से राज्य विकास के नए मुकाम छू रहा है।

CM बोले- सड़क, रेल और मेट्रो का बिछ रहा जाल

CM योगी ने बताया कि प्रदेश में करीब ₹60 हजार करोड़ की लागत से 2483 किलोमीटर लंबे 42 राष्ट्रीय राजमार्ग बने। दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून, दिल्ली-मेरठ और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पूरे हो चुके हैं। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन चल पड़ी है, जिस पर ₹30 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च हुए। मेट्रो का दायरा लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा तक बढ़ा है।

दादरी में पूर्वी और पश्चिमी मालवाहक रेल गलियारों का जंक्शन बना है। इन गलियारों का 1050 किलोमीटर से ज्यादा हिस्सा यूपी से गुजरता है। वाराणसी में देश का पहला मल्टीमॉडल इनलैंड पोर्ट टर्मिनल और 100 एकड़ का फ्रेट विलेज तैयार हुआ। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल असेंबली यूनिट, रक्षा औद्योगिक गलियारा और एक हजार एकड़ का पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क उद्योगों को रफ्तार दे रहे हैं।

किसानों के लिए क्या-क्या

मुख्यमंत्री के अनुसार पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 3 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में ₹1 लाख करोड़ से अधिक पहुँचे। 86 लाख लघु और सीमांत किसानों का कर्ज माफ हुआ। 5.50 करोड़ किसान क्रेडिट कार्ड से ₹13.42 लाख करोड़ से ज्यादा का फसल लोन बाँटा गया। 79.51 लाख किसानों को फसल क्षतिपूर्ति मिली और गन्ना किसानों को ₹3.30 लाख करोड़ से अधिक का भुगतान हुआ।

65 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास मिले। 3.67 करोड़ राशन कार्डधारक परिवारों के करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। जल जीवन मिशन से 2.46 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन मिला। प्रदेश में 3.37 करोड़ शौचालय और 59183 सामुदायिक शौचालय बने। उज्ज्वला के तहत 1.86 करोड़ मुफ्त गैस कनेक्शन बाँटे गए, और होली-दीपावली पर राज्य सरकार मुफ्त सिलेंडर भी देती है।

आयुष्मान योजना में छह करोड़ से ज्यादा कार्ड जारी हुए, जिनसे 9.90 करोड़ से अधिक लोग कवर हुए। 1.09 करोड़ गंभीर मरीजों को ₹18798 करोड़ का मुफ्त इलाज मिला। आरोग्य मेलों में 14.67 करोड़ लोगों का उपचार हुआ। साथ ही गोरखपुर और रायबरेली में एम्स चल रहे हैं।

रोजगार, खेल और महिलाएँ

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में 9.50 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियाँ दी गईं, जबकि निजी क्षेत्र में 65 लाख नियुक्तियाँ हुईं। 31.11 लाख युवाओं को प्रशिक्षण मिला और 62 लाख से अधिक को स्मार्टफोन-टैबलेट दिए गए। खिलाड़ियों के लिए मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, काशी में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बने हैं।

10 लाख स्वयं सहायता समूहों से एक करोड़ से ज्यादा महिलाएँ जुड़ी हैं। पीएम स्वनिधि से 15 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को मदद मिली और स्वामित्व योजना में 1.10 करोड़ ग्रामीण परिवारों को घरौनी दी गई। मुख्यमंत्री ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को दस प्रतिशत आरक्षण का श्रेय भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व को दिया।

योगी बोले- पीएम मोदी ने प्रदेश के उत्पादों को दिलाई वैश्विक पहचान

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति को काशी की गुलाब मीनाकारी, जापान के प्रधानमंत्री को निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति को कन्नौज का इत्र भेंट किया। इससे ओडीओपी उत्पादों को वैश्विक पहचान मिली। लखनऊ की जरदोजी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जानी जा रही है। खाद्यान्न, दूध, गन्ना, आम, आंवला और मिलेट उत्पादन में प्रदेश अव्वल है।

‘अयोध्या-काशी का विस्तार प्रधानमंत्री के प्रयासों का नतीजा’

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और काशी विश्वनाथ धाम के विस्तार को प्रधानमंत्री के प्रयासों का नतीजा बताया। माँ अन्नपूर्णा की प्रतिमा और पिपरहवा के बौद्ध अवशेष विदेश से वापस लाए गए। महाकुंभ में 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पहुँचे।

काशी तमिल संगमम, बौद्ध सर्किट, संत रविदास जन्मस्थली, चौरी-चौरा शताब्दी समारोह और राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भी उन्होंने जिक्र किया। महामना मदन मोहन मालवीय और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने की बात भी उन्होंने रखी।

सीएम योगी ने कहा कि मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री की 25 साल की सेवा यात्रा का अभिनंदन करते हुए विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस लक्ष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेगी।