लाल आतंक पर जारी प्रहार, हिड़मा के एनकाउंटर के बाद आंध्र में ढेर किए गए 7 नक्सली: 50 माओवादी हुए गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

लाल आतंक पर सुरक्षा बलों की कड़ी कार्रवाई लगातार जारी है। आंध्र प्रदेश के अलुरी सीताराम राजू जिले के मारेडुमल्ली क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बुधवार (19 नवंबर 2025) को हुए इस अभियान में पुलिस ने 7 नक्सलियों को मार गिराया, जिनमें 4 पुरुष और 3 महिलाएँ शामिल हैं। यह कार्रवाई मंगलवार से जारी नक्सल विरोधी अभियान की कड़ी मानी जा रही है, जिसमें शीर्ष माओवादी कमांडर माडवी हिड़मा समेत 6 अन्य नक्सली मारे गए थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार की कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब सुरक्षा बल टॉप नक्सल कमांडर देवजी को पकड़ने के उद्देश्य से जंगल की ओर बढ़े थे। पुलिस टीम के करीब पहुँचते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में 7 नक्सली ढेर हो गए और मौके से भारी मात्रा में हथियार, गोलाबारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई।

राज्य के इंटेलिजेंस अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महेश चंद्र लड्डा ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अब तक जिन शवों की पहचान की गई है, उनमें मेटुरी जोखा राव उर्फ शंकर का नाम सामने आया है। शंकर आंध्र-ओडिशा बॉर्डर क्षेत्र के एरिया कमेटी मेंबर था और तकनीकी संचालन, हथियार निर्माण में एक्सपर्ट था।

इसके साथ ही पुलिस ने अलग-अलग जिलों एनटीआर, कृष्णा, काकीनाडा, कोनसीमा और एलूरु में बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। यह राज्य में नक्सलियों की अब तक की सबसे बड़ी गिरफ्तारी मानी जा रही है। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने 45 हथियार, 272 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और कई अन्य सामान भी जब्त किए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और आने वाले दिनों में इस क्षेत्र में और भी सर्च ऑपरेशन तेज किए जाएँगे।