आरोपित के घर हमला, भीड़ ने फूँकी कार-बाइक: दिल्ली में हिंदू युवक की हत्या के बाद बवाल, सड़कों पर प्रदर्शनकारी; देखें Video

दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई एक हिंदू युवक की हत्या के बाद से माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। शुक्रवार (6 मार्च 2026) देर रात गुस्साए लोगों की भीड़ मुख्य आरोपति के घर पहुँच गई, जहाँ उन्होंने जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की। इसके साथ ही इलाके में विरोध प्रदर्शन भी तेज हो गया जिसके कारण कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, होली के दिन एक बच्ची द्वारा एक मुस्लिम महिला पर गलती से पानी के गुब्बारे की छीटें पड़ने के बाद मुस्लिम पक्ष के 15-20 लोगों द्वारा हिंदू युवक की पिटाई की गई थी। युवक की छाती पर भारी पत्थर मारे गए जिससे बाद में युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में गहरा आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आरोपित के घर पर हमला और आगजनी

शुक्रवार देर रात बड़ी संख्या में लोग मुख्य आरोपित के घर के बाहर जमा हो गए। गुस्साई भीड़ ने घर में घुसकर वहाँ रखे फर्नीचर और घरेलू सामान को बाहर निकालकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति और अधिक बिगड़ गई और कुछ लोगों ने आरोपी के घरों के बाहर खड़ी एक कार और 2 मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया।

आगजनी और तोड़फोड़ के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी शोरगुल और हंगामे की आवाज सुनकर बाहर निकल आए। घटना के चलते इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने लोगों को समझाने और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया ताकि स्थिति और अधिक बिगड़ने से रोकी जा सके। रिपोर्ट्स के अनुसार, इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए गए ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की नई हिंसक घटना को रोका जा सके।

तरुण की मौत के बाद कई हिंदू संगठनों ने भी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। शुक्रवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के नीचे बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया जिससे इलाके में कई घंटों तक यातायात ठप रहा। प्रदर्शन में शामिल लोग सड़क पर बैठ गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग करते हुए नारेबाजी करने लगे।