दिल्ली के अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जाँच में आरोपित राहुल का नाम सामने आया है, जो अलवर के राजगढ़ का रहने वाला है।
पुलिस जाँच में सामने आया कि आरोपित ने दिल्ली में हत्या से कुछ घंटे पहले अपने गाँव में एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में अलवर पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है।
इसके बाद आरोपित दिल्ली पहुँच कर उसी IRS अधिकारी के घर में घुस गया और मोबाइल चार्जिंग केबल से गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस को शक है कि वारदात में दुष्कर्म की भी आशंका है, जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद होगी।
मामले की जाँच में पता चला कि आरोपित पहले इसी घर में काम कर चुका था और उसे पासकोड और लॉक सिस्टम की जानकारी थी। बिल्डिंग में सख्त सुरक्षा थी और हर फ्लोर पर लॉक सिस्टम लगा हुआ था। मृतका के माता-पिता घटना के समय जिम गए हुए थे।
इससे पहले अलवर में आरोपित ने जिस महिला के साथ रेप किया था, उसके पति ने एफआईआर दर्ज कराई गई थी। जाँच में यह भी सामने आया कि आरोपित और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच ऑनलाइन लूडो के जरिए संपर्क हुआ था। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

