बाबा साहेब के पास 32 डिग्री होने पर उठाए सवाल तो ‘अंबेडकरवादियों’ ने देव को पीटा, महाराष्ट्र में इन्फ्लुएंसर ने हाथ जोड़कर माँगी माफी: जानें- अब तक क्या-क्या पता चला

महाराष्ट्र के अमरावती से शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें अंबेडकरवादी कार्यकर्ताओं (भीम तोला) का एक ग्रुप देव नाम के एक इन्फ्लुएंसर की पिटाई करता दिख रहा है। देव की गलती यह थी कि उसने अपने एक वीडियो में डॉ बीआर अंबेडकर के पास 32 डिग्रियाँ होने के दावे पर सवाल उठाया था।

हालाँकि वह वीडियो अब डिलीट कर दिया गया है। सामने आए हमले के वीडियो में बैकग्राउंड में गाना बज रहा था, जिससे कार्यकर्ताओं की बातें और देव के जवाब को समझा नहीं जा सका। हालाँकि, देव को हाथ जोड़कर माफी माँगते देखा जा सकता है। वीडियो के अंत में पुलिस खड़ी दिखाई देती है जबकि अंबेडकरवादी देव को धमकाते रहते हैं।

बाद में शनिवार (25 अप्रैल 2026) को देव ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने अंबेडकर के अनुयायियों से उनकी भावनाओं को ठेस पहुँचाने के लिए माफी माँगी। वीडियो में उन्हें अंबेडकर की तस्वीरों के सामने हाथ जोड़कर खड़े देखा गया।

2024 में PIB द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ बीआर अंबेडकर के पास पाँच उपाधियों और दो मानद उपाधियों सहित कुल सात उपाधियाँ थी। 32 डिग्रियों के दावे का समर्थन करने वाला कोई आधिकारिक स्रोत नहीं है। 

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने बॉम्बे के एल्फिंस्टन कॉलेज से स्नातक, कोलंबिया विश्वविद्यालय से एमए, कोलंबिया विश्वविद्यालय से पीएचडी, लंदन विश्वविद्यालय से एमएससी, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से डीएससी, कोलंबिया विश्वविद्यालय से एलएलडी (मानद उपाधि) और उस्मानिया विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट (मानद उपाधि) प्राप्त की थी।