बांग्लादेश में एक और हिन्दू की हत्या: इस्लामी कट्टरपंथियों ने पलाश कांती साहा को घर में बंद कर लगाई आग, तड़प-तड़प कर हुई मौत

बांग्लादेश के पिरोजपुर जिले में एक और हिंदू की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस्लामी कट्टरपंथियों ने पलाश कांति साहा के घर को घेर लिया और बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद उन्होंने घर में आग लगा दी।

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने घटना की जानकारी देते हुए कहा है कि शनिवार (27 दिसंबर 2025) की सुबह लगभग 6 बजे, दुमुरिया गाँव में इस्लामी कट्टरपंथियों ने पलाश कांती साहा को उनके घर में बंद कर आग लगा दी। इस दौरान घर के बाहर खड़े लोग रोते-बिलखते नजर आए। ये चाह कर भी पलाश साहा की मदद नहीं कर सके।

मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि इससे एक दिन पहले, पिरोजपुर सदर जिले के पश्चिम दुमुरीतला गाँव में दो हिंदू परिवारों के पाँच घरों को भी जला दिया गया था।

उन्होंने यह घटना पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद में हुए सांप्रदायिक दंगों से जोड़ते हुए कहा कि तब ममता बनर्जी के शासनकाल में हिंदू घरों को चुन-चुनकर निशाना बनाया गया था और पिता-पुत्र हरगोबिंद दास और चंदन दास की बेरहमी से हत्या की गई थी।

अमित मालवीय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी निष्क्रियता चरमपंथियों को और अधिक बेखौफ बना रही है। उन्होंने कहा कि जब हिंदुओं को सिर्फ उनके धर्म के कारण निशाना बनाया जा रहा है, तो दुनिया इसे नजरअंदाज नहीं कर सकती।