असम में एक बार फिर बीजेपी पूरी धूम-धाम से सत्ता में लौटने को तैयार है और कॉन्ग्रेस का बुरा हाल है। चुनाव आयोग के नतीजों और रुझानों में बीजेपी ने बंपर बढ़त बना ली है। बीजेपी 3 सीटें जीत ली हैं जबकि 78 सीटों पर पार्टी अभी आगे चल रही है। वहीं, कॉन्ग्रेस केवल 21 सीटों पर आगे चल रही है।
इस बीच कॉन्ग्रेस के लिए एक और बड़ा झटका लगा है गौरव गोगोई की हार। गौरव गोगोई को 23,182 सीटों से हार मिली है, उन्हें बीजेपी उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने हराया है। गौरव गोगोई को लेकर चुनाव से पहले खूब सवाल उठाए गए थे और उनकी पत्नी के पाकिस्तानी लिंक पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा समेत कई बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाए थे।
गौरव गोगोई के कंधे पर था कॉन्ग्रेस को जीत दिलाने का जिम्मा
प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई को जोरहाट सीट से करारी हार का सामना करना पड़ा है। यह हार इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि राज्य में कॉन्ग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी खुद गोगोई के कंधों पर थी। जोरहाट सीट पर मुकाबला कड़ा रहने की उम्मीद थी लेकिन नतीजों में गोगोई अपनी ही सीट नहीं बचा सके।
उन्हें कुल 46,257 वोट मिले जबकि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हितेंद्र नाथ को 69,439 वोट हासिल हुए। बीजेपी के हितेंद्र नाथ ने गोगोई को 23,182 वोटों के बड़े अंतर से हराया जिससे यह हार सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं बल्कि निर्णायक मानी जा रही है।

