ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर की गेंद लगने से मौत, गर्दन पर चोट लगी: हेलमेट में नहीं था नेक गार्ड, मेलबर्न में बॉलिंग मशीन से प्रैक्टिस के दौरान हादसा

ऑस्ट्रेलिया में एक होनहार क्रिकेटर की गेंद लगने से मौत हो गई। इस हादसे ने फिल ह्यूज के साथ हुए दुखद हादसे की याद दिला दी।

जानकारी के मुताबिक, मेलबर्न के फर्नट्री गुल्ली इलाके में मंगलवार (28 अक्टूबर) की शाम को 17 साल का बेन ऑस्टिन क्रिकेट नेट्स में प्रैक्टिस कर रहा था। T20 मैच से पहले वो ‘वैनगर’ नाम की बॉलिंग मशीन से तेज गेंदों को खेलने की प्रैक्टिस कर रहा था। अचानक एक गेंद उसकी गर्दन पर जा लगी। हेलमेट पहना था लेकिन नेक प्रोटेक्टर नहीं था।

हादसे के बाद बेन तुरंत गिर पड़ा। साथी खिलाड़ियों ने एम्बुलेंस बुलाई और मोनाश चिल्ड्रन हॉस्पिटल ले गए। वहाँ लाइफ सपोर्ट पर रखा लेकिन गुरुवार (30 अक्टूबर 2025) की सुबह उसकी मौत हो गई। बेन फर्नट्री गुल्ली क्लब का होनहार प्लेयर था। मार्च में उसे बेस्ट एटीट्यूड अवॉर्ड मिला था।

बेना के पिता जेस ऑस्टिन ने कहा, “हमारा बेटा क्रिकेट खेलते हुए चला गया, ये उसकी खुशी थी।” क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और विक्टोरिया ने परिवार को हर मदद का वादा किया है। बताया जा रहा है कि एमसीजी में भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच के दौरान सभी खिलाड़ी काली पट्टी पहनकर मैच खेलेंगे और बेन को श्रद्धांजलि देंगे।