ऑटो चालक अफजल खान ने चुपके से बनाया महिला यात्री का वीडियो, वायरल करने की धमकी देकर बोला- ‘मुझसे संबंध बनाओ’: पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई में महिला यात्री से जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश के आरोप में ऑटो रिक्शा चालक अफजल आसिफ खान को गिरफ्तार किया गया है। महिला ने बताया कि आरोपित बिना अनुमति उसका वीडियो बना रहा था। उसने मना किया तो उसने महिला के साथ संबंध बनाने के लिए जबरदस्ती की।

पुलिस के अनुसार, यह मामला मुंबई के कुरार इलाके का है। यहाँ पीड़िता ने मलाड जाने के लिए ऑटो लिया था। सफर के दौरान आरोपित ने अपने मोबाइल फोन से महिला का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। आरोप है कि गंतव्य पर पहुँचने और किराया देने के दौरान भी वह रिकॉर्डिंग करता रहा।

जब महिला को इस बात का पता चला और उसने इसका विरोध किया, तो आरोपित ने वीडियो को वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं उसने महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बनाया। इस धमकी से घबराई महिला ने तुरंत पास में मौजूद यातायात पुलिसकर्मियों से मदद माँगी।

मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में लिया और बाद में उसे स्थानीय कुरार पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़, बिना सहमति वीडियो बनाने, धमकी देने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश जैसे गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।