अयोध्या में रामलला जहाँ 4 साल तक रहे विराजमान, वहाँ अखंड दीप की जगह जलेगी ‘कृत्रिम अग्नि’: सोशल मीडिया पर भक्तों का फूटा गुस्सा, ट्रस्ट ने कहा- ‘नो कमेंट’

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ऑफिशियल X पर एक ट्वीट के बाद सोशल मीडिया और सनातनियों का गुस्सा फूट पड़ा है। यह ट्वीट अयोध्या में रामलला के पूर्व अस्थाई मंदिर स्थल (गर्भ गृह) पर कथित तौर पर ‘कृत्रिम अग्नि’ जलाने को लेकर था।

उस पवित्र जगह पर 4 साल तक रामलला विराजमान थे और वहाँ ‘अखंड दीप’ जला करता था। इस दौरान भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा था। उस अखंड दीप की जगह अब ‘कृत्रिम अग्नि’ जलाने की बात कही गई है। जबकि मंदिर ट्रस्ट ने इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

‘अखंड दीप’ जलाने की जगह ‘कृत्रिम अग्नि’ जलाने पर सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भक्तों ने इसे आध्यात्मिक पवित्रता के खिलाफ बताया।

श्रद्धालुओं का कहना है कि जिस जगह पर 4 साल तक रामलला को रखा गया, वह बलिदान का प्रतीक है, उसे पारंपरिक ही रखा जाना चाहिए।

हालाँकि, राममंदिर ट्रस्ट ने इस मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। लेकिन सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी तय करने और जल्द से जल्द अखंड दीप जलाने की माँग की जा रही है।