बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बलूचिस्तान में तीन अलग-अलग हमलों में सात पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों को मार गिराने का दावा किया है। 29 सितंबर 2025 को की गई इस कार्रवाई में छह पाकिस्तानी फौजी और उनके लिए काम करने वाला एक एजेंट शामिल है। BLA ने हमलों के लिए रिमोट-कंट्रोल IED और आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया। BLA का कहना है कि उन्होंने कालत और पंजगुर में ये हमले किए।
कालत में IED से हमला और हथियार जब्त
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, BLA के प्रवक्ता जियांद बलूच ने बताया कि दो हमले कालत के जोहान इलाके में हुए। पहला हमला तब हुआ जब पाकिस्तानी फौजी इलाके में घुसने की कोशिश कर रहे थे। BLA ने रिमोट-कंट्रोल IED से हमला किया, जिसमें दो फौजी मारे गए और एक घायल हुआ।
उसी रात हुए दूसरे हमले में एक और फौजी मारा गया और दो घायल हुए। रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले के डर से कुछ फौजी अपने हथियार वहीं छोड़कर भाग गए, जिन्हें बाद में BLA के लड़ाकों ने जब्त कर लिया।
पंजगुर में फौज के ‘एजेंट’ की हत्या
BLA ने पंजगुर के सैदान क्षेत्र में एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहाँ पाकिस्तानी फौज के लिए काम करने वाले एक ‘डेथ स्क्वाड’ एजेंट शाकिर को मार गिराया गया। BLA का आरोप था कि शाकिर जबरन लोगों को गायब करने और फौज की क्रूरता वाले कामों में शामिल था।
BLA ने इन तीनों हमलों की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने दोहराया है कि बलूचिस्तान में उनकी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

