बांग्लादेश में फिर हिंदू पर हमला, इस्लामी कट्टरपंथियों ने पत्रकार लिटन चौधरी को बेरहमी से पीटा: खून से लथपथ हालत में ले जाया गया अस्पताल

बांग्लादेश में इस्लामी कट्टरपंथियों के हिंदुओं पर लगातार हमले जारी हैं। ताजा मामला चिटगाँव के सीताकुंडा इलाके से सामने आया है, जहाँ रविवार (19 अक्टूबर 2025) को एक हिंदू पत्रकार लिटन कुमार चौधरी पर भीड़ ने हमला कर दिया। यह घटना सीताकुंडा नगरपालिका के रेलगेट क्षेत्र में स्थित श्यामा पूजा मंडप के सामने हुई।

हमले में 45 वर्षीय पत्रकार लिटन कुमार चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें चिटगाँव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चौधरी ‘दैनिक जनकंठ’ के सीताकुंडा से संवाददाता हैं और सीताकुंडा प्रेस क्लब के पूर्व महासचिव भी रह चुके हैं।

सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टस् के अनुसार, यह हमला ‘असद बहिनी’ नाम के समूह के सदस्यों ने किया। हमलावरों ने चौधरी पर आरोप लगाया कि वे ‘आवामी लीग के एजेंट’ हैं और ‘फर्जी खबरें’ फैला रहे हैं।

हमले के बाद लिटन कुमार चौधरी को खून से लथपथ हालत में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उन्हें पहले सीताकुंडा उपजिला स्वास्थ्य परिसर पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चिटगाँव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

लिटन चौधरी के बेटे राकेश चौधरी ने बांग्लादेशी अखबार ‘प्रथम आलो’ को बताया कि उनके पिता रात में अपने घर के सामने कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान अचानक कुछ युवक वहाँ आ गए और उनके पिता के के खिलाफ अपमानजनक बातें करने लगे। इसके बाद उन्होंने लिटन चौधरी पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके पिता का मोबाइल फोन और बटुआ भी छीन लिया। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया। फिलहाल उनका इलाज चिटगाँव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।