T20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ बांग्लादेश, विश्व क्रिकेट से बैन होने का भी मंडराया संकट: पाकिस्तान ने ICC को दी गीदड़भभकी

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अब आधिकारिक तौर पर भारत और श्रीलंका की मेजबानी में अगले महीने से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को अब इस विश्व कप में खेलने का मौका मिलेगा। वहीं, इस फैसले पर पाकिस्तान ने ICC को गीदड़भभकी दी है।

ESPNcricinfo की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में सुरक्षा चिंताओं के चलते टीम भेजने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ लगभग तीन सप्ताह तक चली बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया है। बांग्लादेश सरकार ने 7 फरवरी से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट के लिए टीम को भारत जाने की अनुमति नहीं दी थी। ICC ने शुक्रवार (23 जनवरी 2026) शाम को BCB को इसे लेकर ईमेल भेजा था। रिपोर्ट के मुताबिक, BCB ने इस मुद्दे को ICC की विवाद समाधान समिति (DRC) के सामने उठाने की बात कही है।

बांग्लादेश पर विश्व क्रिकेट से बैन होने का संकट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) पर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से बैन का खतरा मंडरा रहा है। इसकी वजह है सरकारी दखल जिसे ICC के नियमों का सीधा उल्लंघन माना जाता है। ICC के नियम साफ कहते हैं कि किसी भी सदस्य देश का क्रिकेट बोर्ड अपने फैसले स्वतंत्र रूप से लेगा और उसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं होगी। लेकिन बांग्लादेश के मामले में यह नियम टूटता हुआ दिखाई दे रहा है।

दरअसल, बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने खुद सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि भारत में मैच खेलने का फैसला क्रिकेट बोर्ड ने नहीं बल्कि सरकार ने लिया। ICC की घोषणा के बाद ढाका में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं बिल्कुल साफ तौर पर कहना चाहता हूँ कि भारत में न खेलने का फैसला सरकार का है। यह फैसला सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखकर लिया गया है।”

आसिफ नजरुल का यह बयान बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि इससे यह बात खुलकर सामने आ गई है कि BCB के फैसलों में सरकार सीधा हस्तक्षेप कर रही है। यही वह बात है, जिसे ICC अपने नियमों के तहत सख्ती से प्रतिबंधित करता है। क्रिकेट जानकारों का कहना है कि अगर ICC ने इस मामले को गंभीरता से लिया तो BCB पर कार्रवाई हो सकती है।

BCB के समर्थन में पाकिस्तान, ICC को गीदड़भभकी

ICC के इस सख्त रुख से पाकिस्तान भी गीदड़भभकी देने लगा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के मुखिया और देश के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है और उसे टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की इजाजत मिलनी चाहिए।

नकवी ने कहा, “बांग्लादेश के साथ गलत व्यवहार किया गया है। मैंने ICC की बोर्ड मीटिंग में भी यही कहा था। आप दोहरा मापदंड नहीं अपना सकते, जहाँ एक देश जब चाहे कोई भी फैसला ले सकता है और दूसरे देश के लिए बिल्कुल उल्टा कर सकता है। इसीलिए हमने यह रुख अपनाया है कि बांग्लादेश के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है और उसे किसी भी हालत में वर्ल्ड कप खेलने की इजाजत मिलनी चाहिए।”

वर्ल्ड कप के बहिष्कार के बारे में पूछे जाने पर नकवी ने कहा कि पाकिस्तान सरकार यह फैसला लेगी। उन्होंने कहा, “हम प्रधानमंत्री के लौटने का इंतजार कर रहे हैं और कहा कि अंतिम फैसला तभी लिया जाएगा।” गौरतलब है कि इस सप्ताह की शुरुआत में ICC ने बांग्लादेश के टी20 विश्व कप मैचों को भारत से बाहर ट्रांसफर करने के अनुरोध को आधिकारिक तौर पर खारिज कर दिया था। ICC ने यह भी स्पष्ट किया है कि नवंबर में घोषित कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।