‘बंगाल को आजाद देश घोषित करें ममता’: भारत के खिलाफ बांग्लादेशी जमात के नेता ने उगला जहर, Video में बोला नूरुल हुदा- 17 करोड़ मुस्लिम हैं साथ

पश्चिम बंगाल की राजनीति में पड़ोसी देश बांग्लादेश के एक कट्टरपंथी नेता के बयान ने हड़कंप मचा दिया है। बांग्लादेशी जमात नेता MD नूरुल हुदा ने एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अपील की है कि वे चुनाव नतीजों को न मानें और पश्चिम बंगाल को एक ‘स्वतंत्र राष्ट्र’ (अलग देश) घोषित कर दें।

‘दिल्ली के खिलाफ युद्ध छेड़ें ममता’

नूरुल हुदा ने अपने विवादित Video में ममता बनर्जी को उकसाते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली की सरकार को स्वीकार नहीं करना चाहिए। MD नूरुल ने भाजपा को ‘वोट चोर’ और ‘सांप्रदायिक’ बताते हुए दावा किया कि ममता को सत्ता किसी भी हाल में नहीं छोड़नी चाहिए। उसने यहाँ तक कह दिया कि ममता बनर्जी को दिल्ली के खिलाफ युद्ध का ऐलान कर देना चाहिए।

बांग्लादेशी समर्थन का दिया लालच

जमात नेता ने ममता बनर्जी को लालच देते हुए कहा कि अगर वे बंगाल की आजादी का ऐलान करती हैं, तो बांग्लादेश के 17 करोड़ मुसलमान उनके साथ खड़े होंगे। उसने जहर उगलते हुए कहा कि बंगाल को बाहरी या गैर-बंगाली नियंत्रण स्वीकार नहीं करना चाहिए। MD नूरुल हुदा ने भारत के अन्य राज्यों को भी केंद्र सरकार से अलग होने और आजादी की माँग करने के लिए भड़काया।

जमात-ए-इस्लामी हिंद ने भी उठाए सवाल

इस विवाद के बीच भारत में जमात-ए-इस्लामी हिंद के उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम इंजीनियर ने भी सुर मिलाते हुए चुनाव नतीजों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का इस्तीफा न देना इस बात का सबूत है कि जनादेश सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में भारी धांधली हुई है और ये नतीजे जनता की असली राय नहीं हैं।

इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीति गर्मा गई है। विदेशी ताकतों द्वारा भारतीय लोकतंत्र में दखल देने और देश को तोड़ने की ऐसी अपील ने सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग कड़ी कार्रवाई की माँग कर रहे हैं।