बांग्लादेश में नहीं थम रहा कट्टरपंथियों का आतंक, अब पूजा के दौरान मंदिर पर फेंका बम: मुख्य पुजारी समेत कई घायल, CCTV फुटेज आया सामने

बांग्लादेश में सरकार बेशक बदल गई है लेकिन कट्टरपंथी का हिंदू विरोधी रवैया अभी भी जारी है। हिंदू समुदाय पर हमले की घटनाएँ रुकने का नाम नहीं ले रही हैं और अब एक मंदिर को निशाना बनाया गया है। कुमिल्ला में शनिवार (7 मार्च 2026) को आयोजित एक पूजा कार्यक्रम के दौरान कुछ हमलावरों ने कार्यक्रम स्थल पर बम फेंक दिए, जिससे वहाँ मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

इस हमले में कई लोग घायल हो गए जिनमें मंदिर के मुख्य पुजारी केशव चक्रवर्ती भी शामिल हैं। केशव चक्रवर्ती गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

CCTV फुटेज में पूजा के दौरान बम फेकते हुए दिखाई दे रहा है। इस हमले के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। हिंदुओं पर हमले होना बांग्लादेश में कोई नई बात नहीं है।

अगस्त 2024 में शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों की घटनाओं में तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े संगठनों के अनुसार, 2026 के शुरुआत तक देश भर में हिंदुओं के खिलाफ 2,000 से अधिक हिंसक घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं में हत्या, मंदिरों में तोड़फोड़, महिलाओं के साथ दुष्कर्म और हिंदुओं की संपत्तियों पर कब्जा करने जैसे मामले शामिल हैं।