UP में मुख्तार गैंग के हिस्ट्रीशीटर शोएब किदवई को हाईवे पर गोलियों से भूना, 12 मुकदमों वाला अपराधी ढेर: बाराबंकी में गैंगवार की आशंका

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार (13 फरवरी 2026) की दोपहर माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी और हिस्ट्रीशीटर शोएब किदवई उर्फ बॉबी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।

वारदात लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असेनी मोड़ के पास हुई, जब वह लखनऊ से बाराबंकी लौट रहा था। बाइक सवार दो हमलावरों ने उसकी कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसके शरीर में चार गोलियाँ लगीं, जबकि कार पर भी कई राउंड फायर हुए। फोरेंसिक जाँच में 9 MM और .32 बोर पिस्टल इस्तेमाल हुए है। हत्या के खुलासे के लिए पुलिस और STF की टीमें गठित की गई हैं, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

शोएब पर हत्या, रंगदारी और गैंगवार समेत 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। 2008 में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी और उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगा था। हाल के वर्षों में वह वकालत और प्रॉपर्टी डीलिंग कर रहा था। हत्या के बाद वकीलों ने प्रदर्शन कर 48 घंटे में गिरफ्तारी की माँग की है। फिलहाल पुलिस गैंगवार और पुरानी रंजिश समेत हर एंगल से जाँच में जुटी है।