एक नहीं, चार वोटर ID कार्ड बनवाकर बैठे हैं वामपंथी प्रकाश राज: बेंगलुरु कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट किया जारी, एक्टर बोले- सब फर्जी खबर

मशहूर अभिनेता प्रकाश राज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बेंगलुरु की एक अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। प्रकाश राज पर आरोप है कि उनके पास कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना समेत एक से ज्यादा राज्यों के वोटर ID कार्ड हैं।

बेंगलुरु कोर्ट ने उन्हें दो बार समन भेजकर पेश होने का आदेश दिया था। इसके बावजूद प्रकाश राज अदालत में हाजिर नहीं हुए। उनकी लगातार गैर-मौजूदगी को देखते हुए कोर्ट ने अब यह कड़ा रुख अपनाया है, जिससे उनकी गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला साल 2019 का है। वकील दिलीप कुमार ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, कोई भी नागरिक देश में सिर्फ एक ही जगह से वोटर बन सकता है। आरोप है कि प्रकाश राज ने इन नियमों का उल्लंघन किया है।

वकील दिलीप कुमार ने पहले पुलिस और चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की थी। जब कहीं से कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अभिनेता की लापरवाही पर सख्त एक्शन लिया है। कई वोटर ID कार्ड रखने पर अभिनेता प्रकाश राज ने भी अपना बयान जारी कर इसे फर्जी बताया है।