पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने 22 जून को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का अपना पहला पूर्ण बजट पेश किया। बजट की सबसे बड़ी घोषणाओं में एक घोषणा 1 लाख रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती को लेकर रही। सरकार ने कहा कि इन नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए होगा।
सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को भी बड़ी राहत देते हुए महँगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा जारी रखने के लिए 550 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है और लाभार्थियों को पिंक कार्ड जारी किए जाएँगे। वहीं GRAMG योजना के लिए 14 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
इसके अलावा सेवानिवृत्त पत्रकारों को 5,000 रुपए मासिक पेंशन, बस कंडक्टरों के पारिश्रमिक में वृद्धि, खदानों की ई-नीलामी, कांथी को नया पुलिस जिला और गोपीबल्लभपुर को नया उपमंडल बनाने की भी घोषणा की गई।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर अवकाश की घोषणा
शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने जन संघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सम्मान में बड़ी घोषणा करते हुए उनकी जयंती पर छह जुलाई को राज्य में अवकाश घोषित किया है। वर्ष 2026 उनकी 125वीं जयंती का वर्ष है, इस मौके पर पूरे साल राज्य में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जिराट में 125 फीट ऊँची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
बीजेपी सरकार ने बजट में ₹200 करोड़ का अलग प्रावधान किया है, जिससे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसके साथ ही उनकी स्मृति में पार्क, पुस्तकालय और स्मारक का निर्माण किया जाएगा।

