सोनम रघुवंशी जैसी निकली पुणे की सिया गोयल, प्रेमी चेतन के साथ साजिश कर मंगेतर केतन को 350 फीट की खाई में ढकेल मार डाला: पुलिस ने जाँच के बाद दोनों को पकड़ा

इंदौर के चर्चित सोनम रघुवंशी केस की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक ऐसा मामला सामने आया जिसने लोगों को फिर चौंका दिया। 24 वर्षीय केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले से करीब 350 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हुई थी, लेकिन पुलिस जाँच में सामने आए तथ्यों ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है।

मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उनके प्रेमी चेतन चौधरी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। परिवार के मुताबिक, केतन की अगले महीने शादी होने वाली थी और घर में तैयारियाँ चल रही थीं। जयपुर में शादी के लिए पैलेस बुक किया गया था और मेहमानों के इंतजाम किए जा रहे थे।

इसी बीच मंगेतर सिया गोयल के जन्मदिन को खास बनाने के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में कार्यक्रम की भी तैयारी थी। परिवार का दावा है कि करीब 40 कमरे बुक किए गए थे। शादी से पहले दोनों की बाली यात्रा भी तय थी, लेकिन बाद में पासपोर्ट खोने की बात कहकर यात्रा रद्द कर दी गई।

पहली बार की योजना हुई थी असफल

जाँच के दौरान पुलिस इस घटनाक्रम की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस जाँच के अनुसार, 31 मई को केतन और सिया लोहागढ़ किले गए थे। जाँच में यह भी दावा किया गया कि 14 जून को एक और कोशिश हुई, जब केतन को घाटी की ओर ले जाने की योजना बनाई गई, लेकिन वह सुरक्षित लौट आए।

19 जून को फिर ट्रेक का कार्यक्रम बना और पुलिस के अनुसार, इसी दिन चेतन चौधरी भी वहाँ पहुँचा। आरोप है कि इसके बाद केतन को खाई की ओर धक्का दिया गया जिससे उनकी मौत हो गई। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया, लेकिन बाद में मोबाइल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जाँच में कई सवाल सामने आए।

पुलिस का दावा है कि जाँच के दौरान सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच संबंधों की जानकारी मिली, जिसके बाद मामले को नए एंगल से देखा जाने लगा। पुणे ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चेतन को देर रात हिरासत में लिया और बाद में सिया को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। मामले की जाँच चल रही है।