मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में एक डाटा इंजीनियर द्वारा छात्रा के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मोहम्मद आकिब को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। घटना की शुरुआत करीब एक साल पहले एक शादी समारोह से हुई थी, जहाँ मोहम्मद आकिब की पहचान 23 वर्षीय बीकॉम छात्रा से हुई थी।
आरोपित लगातार छात्रा पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था, लेकिन छात्रा द्वारा इनकार करने और बातचीत बंद करने पर उसने आत्मघाती कदम उठाने का ढोंग रचा। अगस्त 2025 में मोहम्मद आकिब ने अपने गले में फँदा डालकर फोटो छात्रा को भेजी, जिसे देख वह घबराकर उसे समझाने उसके घर पहुँची।
वहाँ मोहम्मद आकिब ने मजबूरी का फायदा उठाकर छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया और पूरी घटना का Video बना लिया। इसी वीडियो के आधार पर वह लंबे समय तक छात्रा को डरा-धमकाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आखिरकार, प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अशोका गार्डन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया।

