मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भोपाल पुलिस ने सोमवार (17 अगस्त 2026) को बताया कि उसने एक नाबालिग लड़के की हत्या के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपितों को बताया गया था कि इंसानी शरीर के अंग बेचकर वे बड़ी रकम कमा सकते हैं। इसके बाद नाबालिग लड़के की हत्या की गई और उसके प्राइवेट पार्ट्स निकाल लिए गए। गिरफ्तार किए गए दो बालिग आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय आमिर कुरैशी और 20 वर्षीय जोहेब खान के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जाँच में सामने आया है कि जोहेब ने प्राइवेट पार्ट्स बेचने का सुझाव रखा था। उसने बाकी लोगों से कहा था कि इंसानी शरीर के अंगों को ऊँची कीमत पर बेचा जा सकता है।
धोबीघाट के पास मिला शव
जोन-3 के पुलिस उपायुक्त (DCP) आयुष गुप्ता ने बताया कि यह मामला 10 अगस्त 2026 को सामने आया, जब श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र के छोटे तालाब स्थित धोबीघाट के पास एक अज्ञात शव मिला।
गुप्ता ने कहा, “10 अगस्त को श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र के धोबीघाट के पास छोटे तालाब में एक अज्ञात शव मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम में चाकू से हमला किए जाने के निशान मिले, जिससे पता चला कि पीड़ित पर चाकू से हमला किया गया था। शुरुआती जाँच में हत्या की बात सामने आई। इसके बाद श्यामला हिल्स थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।”
शुरुआत में पुलिस के लिए शव की पहचान करना मुश्किल था। कुछ दिन बाद लड़के की माँ अपने लापता बेटे की तलाश करते हुए पुलिस के पास पहुँचीं। पुलिस ने अज्ञात शव के बारे में लोगों को जानकारी दी थी। इसमें यह भी बताया गया था कि मृतक के हाथ पर एक टैटू था। माँ ने टैटू देखकर शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।
A 16-year-old boy went missing in Bhopal, Madhya Pradesh. Police later stated that he had been kidnapped and murdered. According to investigators, his testicles were removed with the intention of selling them for ₹1.20 crore. Two adults – Amir Qureshi and Zoheb Khan – along with… pic.twitter.com/6uVSuJBQja
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) August 18, 2026
₹100 का लालच देकर साथ ले गए
लड़के की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके आने-जाने और उसके जानने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। मृतक नाबालिग था और इकबाल मैदान के आसपास पेन बेचता था। आरोपी भोपाल के तलैया इलाके के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लड़के को यह कहकर अपने साथ ले गए कि उन्हें एक झगड़ा सुलझाने में उसकी मदद चाहिए। उसे साथ चलने के लिए ₹100 देने की भी पेशकश की गई। पुलिस ने बताया कि बाद में आरोपियों के समूह ने उस पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
गुप्ता ने कहा, “हमारे मुखबिरों से पता चला कि तीन नाबालिगों और एक बालिग समेत चार लोग मृतक को जानते थे और उन्होंने चाकू मारकर उसकी हत्या की थी।”
कई दिनों तक रखा गया प्राइवेट पार्ट: पुलिस
पुलिस के मुताबिक, जोहेब ने आरोपितों में से एक नाबालिग को एक वीडियो दिखाया था और दावा किया था कि किसी व्यक्ति के प्राइवेट पार्ट्स को बड़ी रकम में बेचा जा सकता है। हत्या के बाद आरोपियों ने जोहेब से संपर्क किया। इसके बाद जोहेब ने उन्हें बताया कि शरीर का वह अंग कैसे निकाला जाए।
समूह ने निकाले गए शरीर के अंग को कई दिनों तक अपने पास रखा लेकिन उन्हें इसे खरीदने वाला कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक, बाद में उन्होंने उसे फेंक दिया।
DCP गुप्ता ने कहा, “फिलहाल शुरुआती जाँच में 5 आरोपित सामने आए हैं। इनमें से चार ने हत्या को अंजाम दिया जबकि पाँचवाँ व्यक्ति उन्हें निर्देश दे रहा था।” अधिकारी के मुताबिक, जोहेब ने पूरी साजिश की योजना बनाई और बाकी आरोपियों को इसके लिए उकसाया। उसने उनसे कहा था कि शरीर के अंग बेचकर वे पैसे कमा सकते हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

