दरभंगा में 6 साल की मासूम से रेप के बाद हत्या, पड़ोसी विकास महतो गिरफ्तार: गुस्साए लोगों ने सड़क जाम की आगजनी, पथराव में SDM घायल

बिहार के दरभंगा जिले में शनिवार (7 फरवरी 2026) रात एक 6 साल की बच्ची के साथ रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, इस दौरान आगजनी और पथराव की घटनाएँ भी हुईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोस में रहने वाले आरोपित महतो को गिरफ्तार कर लिया है।

तालाब किनारे मिला शव, CCTV और बच्चियों के बयान से आरोपित की पहचान

पुलिस के अनुसार, बच्ची शनिवार (7 फरवरी 2026) की शाम से लापता थी। देर रात गाँव के बाहर तालाब के पास कुत्तों के भौंकने पर परिजनों को शक हुआ। मौके पर पहुँचने पर बच्ची का शव तालाब किनारे दीवार के पास खून से लथपथ हालत में मिला।

जाँच में सामने आया कि घटना के समय तीन बच्चियाँ तालाब के पास खेल रही थीं। इसी दौरान आरोपित ने तीनों को पकड़ने की कोशिश की। दो बच्चियाँ वहाँ से भाग निकलीं, जबकि एक बच्ची उसके कब्जे में आ गई। आरोपित उसे सुनसान जगह पर ले गया, जहाँ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी।

दोनों बच्चियों के बयान और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपित की पहचान 22 वर्षीय विकास महतो के रूप में की। उसे उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोपित के कपड़ों पर खून के धब्बे भी मिले हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव, कई घायल

घटना के विरोध में रविवार (8 फरवरी 2026) को सुंदरपुर बेला मंदिर के पास मुख्य सड़क पर लोगों ने जाम लगा दिया। इस दौरान एक ऑटो में आग लगा दी गई और पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें SDM को पैर में चोट लगी है। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

करीब तीन घंटे बाद 10 थानों की पुलिस फोर्स ने स्थिति पर नियंत्रण पाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल हालात सामान्य हैं, इलाके में गश्त जारी है और आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।