‘थानेदार हो तो क्या, तुम्हें SC/ST केस में फँसा देंगे’: बिहार में थाने में घुसे 3 लोगों ने पुलिसकर्मियों से की धक्का-मुक्की, फर्जी केस में फँसाने की धमकी देकर हुए फरार

बिहार के दरभंगा जिले के बहेड़ी थाने में पूछताछ के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पुलिस का आरोप है कि एक युवक ने थानाध्यक्ष के ऑफिस में घुसकर हंगामा किया, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और बाद में अपने पिता व भाई को बुलाकर माहौल और तनावपूर्ण बना दिया। घटना के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, रविवार (14 जून 2026) को बघौनी गाँव निवासी कुमुद रंजन उर्फ कुमुद राम को एक वीडियो के संबंध में पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान वह नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने अपने पिता महेंद्र राम और भाई प्रिय रंजन राम को थाने बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने ना केवल थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की बल्कि जाते-जाते उन्हें SC/ST के केस में फँसाने की धमकी भी दी।

जानकारी के अनुसार, तीनों ने थानाध्यक्ष के कार्यालय में पहुँचकर हंगामा किया, सरकारी काम में बाधा डाली और कार्यालय में रखे जरूरी दस्तावेज इधर-उधर फेंक दिए। बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जाँच भी जारी है।