बिहार चुनाव में छपरा से RJD उम्मीदवार खेसारी लाल यादव का मुंबई का बंगला संकट में है। खेसारी लाल यादव पर बंगले में अवैध निर्माण करने के आरोप हैं। मुंबई के मीरा भायंदर नगर निगम (MBMC) ने खेसारी यादव को नोटिस भेजा है। ये बंगला ठाणे में स्थित है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नगर निगम ने मीरा रोड स्थित रो हाउस क्रमांक 1 और 2 में खेसारी लाल यादव के आवास पर लोहे के एंगल और चादरों की मदद से ग्राउन्ड फ्लोर, पहली और दूसरी मंजिल पर शेड का निर्माण पाया गया है। नगर निगम का कहना है कि यह निर्माण बिना अनुमति और स्वीकृत मानचित्र में बदलाव कर किया गया है।
सोमवार (3 नवंबर 2025) को जारी नोटिस में कहा गया है कि अभिनेता स्वयं इस अवैध निर्माण को तुरंत हटाएँ या फिर अतिक्रमण विभाग बलपूर्वक कार्रवाई करेगा और खर्च की वसूली टैक्स के रूप में की जाएगी।
बता दें कि इस वक्त खेसारी लाल यादव और उनका परिवार बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार में व्यस्त हैं। वे सारण जिले की छपरा सीट से RJD के उम्मीदवार हैं, जहाँ पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर 2025 को जारी है। वहीं, मीरा रोड स्थित उनका घर फिलहाल बंद है और इस मामले में उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। नगर निगम की टीम निरीक्षण के बाद अब आगे की कार्रवाई की तैयारी में है।

