बिहार के जहानाबाद जिले में राम नवमी के पावन अवसर पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 5 वर्षीय हिंदू बालिका का अपहरण कर उसके साथ बलात्कार किया गया। आरोपित 19 वर्षीय मोहम्मद राजू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये वारदात जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। बच्ची के माँ ने शिकायत में बताया कि उनकी बेटी घर के पास खेल रही थी। मोहम्मद राजू बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और उसका रेप किया। कुछ देर बाद रोती हुई बच्ची घर आई और उसने अपनी माँ को सारी घटना बता दी।
जैसे ही खबर पूरे इलाके में फैली, आरोपित मौके से फरार हो गया। अगले दिन जब वह इलाके में लौटा तो स्थानीय लोगों ने उसे पहचान लिया और उसे पकड़कर पीटा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बच्ची की माँ की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ FIR दर्ज की और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अस्पताल ले जाते समय गुस्साए लोगों ने मोहम्मद राजू पर हमला बोल दिया। सदर अस्पताल में भारी भीड़ जुट गई और लोग आरोपित को उनके हवाले करने की माँग करने लगे। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला।
स्थानीय लोगों ने आरोपित के घर को भी तोड़-फोड़ दिया। हालाँकि इस तोड़फोड़ में शामिल लोगों पर भी पुलिस की कार्रवाई हुई और पुलिस ने 3 युवकों को हिरासत में ले लिया।
बच्ची का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच अभी जारी है।
सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि 5 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार की घटना के बाद कुछ लोग गुस्से में आ गए और उन्होंने आरोपी के घर को तोड़ दिया। स्थिति को समझाकर शांत किया गया। अस्पताल में बिना वजह कुछ लोग जमा हो गए थे जिन्हें पुलिस ने तितर-बितर कर दिया। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

