लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के संस्थापक तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास में चोरी हो गई है। तेज प्रताप यादव ने चोरी का आरोप अपने निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय पर लगाया है। शिकायत में तेज प्रताप ने बताया कि उनके आवास से ₹20 लाख की नकदी, सोना, आईफोन और लैपटॉप की चोरी हुई है।
पटना के सचिवालय थाने में तेज प्रताप यादव ने चोरी की घटना की शिकायत दर्ज की है। शिकायत में बताया कि 22 जून 2026 को उनके हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास से ₹20 लाख की नकद राशि, दो तोला सोने की चेन, एक सोनी की अंगूठी, 4 पेन ड्राइव, 2 हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप और 4 आईफोन मोबाइल चोरी हो गए हैं। तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि चोरी हुई ₹20 लाख की नकदी पार्टी फंड की राशि थी।
उन्होंने शिकायत में अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर चोरी का आरोप लगाया है। तेज प्रताप यादव ने बताया कि उनके ड्राइवर अनिल यादव और साथी विशाल ने भी मोतालील राय को रात 11.30 बजे बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदते देखा था।
तेज प्रताप यादव की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जाँच शरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जाँच की जा रही है और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

