लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी आग ने दो फ्लोर को घेरा, अब तक 15 लोगों की मौत: CM योगी ने रद्द किया हाथरस दौरा, PM मोदी ने प्रभावितों को की मदद की घोषणा

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके के एक कोचिंग सेंटर में सोमवार (22 जून 2026) को भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हालाँकि यह आँकड़ा बढ़ सकता है। अब तक 7 से ज्यादा शव बाहर निकाले जा चुके हैं। चार झुलसे लोगों का KGMU के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।

हादसे से सामने आए वीडियो में दूसरी मंजिल को आग की लपटों ने घेरा हुआ है और काले धुएँ का गुबार दिखाई दे रहा है। आग इतनी भयावह है कि इसने ग्राउंड फ्लोर पर स्थित पेट शॉप, गेमिंग जोन और अन्य दुकानों को भी प्रभावित किया। आसपास लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा दिखाई दे रही है। मौके पर राहत-बचाव कार्य जारी है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुँचे और उन्होंने कहा कि 14 शव तो उन्होंने अपनी आँखों से देखे हैं। वे भावुक हो गए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मौके पर जाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौके पर पहुँचने के लिए अलीगढ़ से रवाना हो गए हैं। यहाँ वे कई विकास परियोजनाओं के लोकापर्ण कार्यक्रम में पहुँचे थे। इसी मंच से उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति भी संवेदनाएँ व्यक्त की हैं। इसके अलावा घायलों के इलाज के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। लखनऊ हादसे के चलते अलीगढ़ के बाद अपनी हाथरस की यात्रा को भी सीएम ने रद्द कर दिया।

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लखनऊ आग हादसे पर शोक संवेदनाएँ व्यक्त की हैं। पीएम ने मृतकों के परिजनों को PMNRF से ₹2-2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की मदद की भी घोषणा की है।