बिहार के रोहतास जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 9 साल के बच्चे पर SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा चलाया गया है। मामला सामने आने के बाद लोग इसे कानून के दुरुपयोग पर सवाल उठा रहे हैं।
दरअसल, मामला बच्चों के बीच मारपीट का है। दिसंबर 2025 में बच्चे की माँ ने नौहट्टा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें 4 बच्चों समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है। आरोप है कि मारपीट के दौरान गाली-गलौज की गई। पुलिस ने SC/ST एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
अब यह मामला गुरुवार (19 फरवरी 2026) को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के पास सुनवाई के लिए पहुँचा, तो चर्चा का विषय बन गया। मजिस्ट्रेट अमित पांडेय ने जब बच्चे की उम्र देखी तो हैरान रह गए। बोर्ड ने बच्चे की उम्र सिर्फ 9 से 10 साल के बीच आँकी। प्राथमिकी की समीक्षा की तो खामियाँ दिखी, उसमें बच्चों या वयस्कों की उम्र सही से दर्ज नहीं की गई थी।
बोर्ड ने इसे पुलिस की लापरवाही बताई और नाराजगी जताई। बोर्ड ने बच्चे को उसके अभिभावक के पास भेजने का निर्देश दिया। साथ ही नौहट्टा थानाध्यक्ष को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा।

