पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में BJP सांसद खगेन मुर्मू पर जानलेवा हमला किया गया। भीड़ ने उनपर पत्थरबाजी की, जिससे सांसद का सिर फूट गया। उनकी गाड़ी के भी काँच टूट गए। यह हमला उस समय हुआ जब वे दुआर्स क्षेत्र के नागराकाटा में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए पहुँचे थे।
वही BJP नेता अमित मालवीय ने इस हमले के लिए तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बंगाल में TMC का जंगलराज चल रहा है।
अमित मालवीय ने खून से लथपत सांसद खगेन मुर्मू की वीडियो भी साझा की। वीडियो में देखा जा सकता है कि उनके सिर से भारी खून बह रहा है, जिसे वो तौलिए से पोंछ रहे हैं। पास में बैठी सिक्योरिटी उनका सहायता कर रही है। एक और वीडियो में देखा जा सकता है कि सांसद की गाड़ी पर कुछ लोग हमला कर रहे है। सांसद की गाड़ी का काँच भी टूटा देखा गया।
मालवीय ने एक्स पर लिखा, “बंगाल में TMC का जंगलराज! उत्तरी मालदा से दो बार सांसद रहे और एक सम्मानित जनजातीय नेता, BJP सांसद खगेन मुर्मू पर TMC के गुंडों ने उस समय हमला किया जब वे जलपाईगुड़ी के दुआर्स क्षेत्र के नागराकाटा में विनाशकारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्यों में मदद करने जा रहे थे।”
TMC’s Jungle Raj in Bengal!
— Amit Malviya (@amitmalviya) October 6, 2025
BJP MP Khagen Murmu, a respected tribal leader and two-time MP from North Malda, was attacked by TMC goons while on his way to Nagrakata in Jalpaiguri’s Dooars region to help with relief and rescue efforts after devastating rains, floods, and… pic.twitter.com/pqpd9Vyrk9
उन्होंने आगे लिखा, “जब ममता बनर्जी अपने कोलकाता कार्निवल में नाच रही थीं, तब TMC और राज्य प्रशासन गायब था। जो लोग वास्तव में लोगों की मदद कर रहे थे, BJP नेता और कार्यकर्ता, उन पर राहत कार्य करने के लिए हमला किया जा रहा है। यह TMC का बंगाल है, जहाँ क्रूरता का बोलबाला है और दया की सजा।”

