‘पुलिस पर हमला करना है, मिर्च पाउडर ले चलो’: नोएडा में हिंसा के लिए उकसाने के चैट-ऑडियो आए सामने, पाकिस्तान-नक्सल कनेक्शन की भी हो रही जाँच

जाँच के दौरान वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम ग्रुप्स की चैट और ऑडियो क्लिप सामने आई हैं जिनमें लोगों को बड़ी संख्या में जुटने और पुलिस के खिलाफ आक्रामक होने के लिए उकसाया जा रहा था।

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, एक ऑडियो क्लिप में एक शख्स लोगों से कहता सुनाई दे रहा है कि मंगलवार को फिर से पुलिस पर हमला करना है और लाठीचार्ज करवाना है क्योंकि कई लोग पहले दिन घायल हुए थे। इस ऑडियो में शख्स कह रहा है कि हमारे बहुत से बहन-भाई घायल हुए हैं और इसीलिए आप लोग सुबह आने की कृपा करें

इसी के साथ कुछ चैट्स में प्रदर्शनकारियों को मिर्ची पाउडर साथ लाने की सलाह दी गई ताकि जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके। एक मैसेज में लिखा गया कि अगर पुलिस लाठी उठाए तो मिर्ची पाउडर काम आएगा और ज्यादा से ज्यादा लोग इसे लेकर आएँ। वहीं कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि जब तक उनकी माँगें पूरी नहीं होंगी तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

पुलिस ने इन ऑडियो और चैट्स को गंभीरता से लेते हुए जाँच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर सक्रिय करीब 50 संदिग्ध हैंडल चिन्हित किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल माहौल बिगाड़ने के लिए किया गया। पुलिस अब इन खातों के पीछे मौजूद लोगों की पहचान करने में जुटी है।

गौरतलब है कि सोमवार को फेज-2, सेक्टर-60, 62 और 84 समेत कई औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन बढ़ाने की माँग को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन हिंसक हो गया था। इस दौरान पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएँ हुईं, कई वाहनों को नुकसान पहुँचाया गया और सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान हुआ है।

इस हिंसा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चेतावनी दी है कि ये विरोध प्रदर्शन नक्सलवाद को पुनर्जीवित करने के प्रयासों से जुड़े हो सकते हैं। बैठक के बाद उन्होंने कहा, “नक्सलवाद खत्म होने के कगार पर है लेकिन इसे पुनर्जीवित करने के प्रयास एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकते हैं। कुछ प्रदर्शनों में भ्रामक और विघटनकारी तत्व शामिल हो सकते हैं।”

इसके अलावा इस आंदोलन में पाकिस्तान के कनेक्शन की भी आशंका है और उसके मद्देनजर जाँच की जा रही है। उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने इस हिंसा को सुनियोजित साजिश बताया है। राजभर ने कहा है कि इस मामले में पुलिस आतंकवाद से संबंधित गिरफ्तारियों के मद्देनजर पाकिस्तान से संभावित संबंध की भी जाँच कर रही है।