कॉपी री-चेक कराने के लिए अब 1 जून से खुलेगा पोर्टल, CBSE ने जारी किया अपडेट: तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए बोर्ड ने बढ़ाई तारीख

CBSE ने 12वीं के उन स्टूडेंट्स के लिए एक बहुत जरूरी अपडेट जारी किया है, जो अपनी कॉपी दोबारा चेक करवाना चाहते हैं। बोर्ड ने बताया है कि ‘पोस्ट-रिजल्ट एक्टिविटी पोर्टल’ अब 1 जून 2026 से काम करना शुरू करेगा।

पहले यह पोर्टल जल्दी खुलने वाला था, लेकिन बोर्ड ने इसकी तारीख आगे बढ़ा दी है। CBSE ने स्टूडेंट्स की मदद के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर और ईमेल ID भी जारी की है।

क्यों बढ़ाई गई पोर्टल की तारीख?

CBSE ने तारीख आगे बढ़ाने की मुख्य वजह भी साफ की है। बोर्ड चाहता है कि जब पोर्टल खुले, तो उस पर कोई तकनीकी खराबी न आए। अक्सर रिजल्ट के बाद भारी ट्रैफिक के कारण वेबसाइट क्रैश हो जाती है। इसीलिए थोड़ा और वक्त लिया गया है ताकि पोर्टल का अंदरूनी सिस्टम मजबूत रहे और छात्रों को फॉर्म भरने में कोई दिक्कत न आए।

12वीं का रिजल्ट आने के बाद कई स्टूडेंट्स को लगता है कि उनके नंबर कम आए हैं या कॉपी ठीक से नहीं जाँची गई। ऐसे छात्रों को बोर्ड दो तरह के मौके देता है। पहला ‘वेरीफिकेशन’ है, जिसमें सिर्फ नंबरों की गिनती दोबारा जाँची जाती है। दूसरा ‘री-इवैल्यूएशन’ है, जिसमें पूरी कॉपी को फिर से ध्यान से देखा जाता है। इसके लिए छात्रों को 1 जून से पोर्टल पर आवेदन करना होगा।

मदद के लिए बोर्ड ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

अगर छात्रों को फॉर्म भरने या रिजल्ट से जुड़ी कोई भी उलझन है, तो वे सीधे बोर्ड से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए CBSE ने टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन नंबर 1800 11 8004 जारी किया है, जो पूरी तरह फ्री है। इसके अलावा छात्र अपनी शिकायत या सवाल [email protected] पर ईमेल भी कर सकते हैं।