किताब-नोट्स के साथ परीक्षा देंगे 9वीं के छात्र, CBSE ने दी मंजूरी: मैथ-साइंस और सामाजिक विज्ञान जैसे सब्जेक्ट्स में होंगे ओपन बुक एग्जाम्स

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 9 के छात्र अब किताब-नोट्स के साथ परीक्षा दे सकेंगे। CBSE ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षा 9 के लिए ओपन बुक एग्जाम शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

जानकारी के अनुसार, यह प्रक्रिया लागू होने के बाद हर सेशन के तीन पेन-पेपर टेस्ट, भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की परीक्षाएँ ओपन बुक होंगी। इन परीक्षाओं का आयोजन स्कूल में ही कराया जाएगा और छात्र परीक्षा के विषय से जुड़ी किताबें या नोट्स लेकर परीक्षा देने जा सकेंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फैसला नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (NEP) 2020 पर आधारित नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क फॉर स्कूल एजुकेशन (NCFSE) 2023 के तहत लिया गया है। इससे पहले इसे लेकर एक पायलट स्टडी भी कराई गई थी। CBSE 2014 में भी ओपन टेक्स्ट बेस्ड असेसमेंट (OTBA) नाम से ओपन बुक एग्जाम करा चुका है।

ओपन बुक परीक्षा के तहत एग्जाम में आम तौर पर ऐसे सवाल पूछे जाते हैं जो तथ्यों को याद करने बजाय समझाने और क्रिटिकल थिंकिंग पर आधारित होते हैं। उम्मीद की जा रही है कि अगर यह सिस्टम सफल होता है तो CBSE इसे कक्षा 10 और 11-12 में भी लागू कर सकता है।