छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय ‘घर वापसी’ प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने एक बार फिर बड़ा धार्मिक आयोजन किया है। सारंगढ़ में 30 अक्टूबर 2025 को आयोजित ‘विराट हिन्दू सम्मेलन’ में, जूदेव ने 140 भटके हुए धर्मांतरित बंधुओं को विधिवत सनातन धर्म में ‘घर वापसी’ कराई।
जानकारी के अनुसार, माँ समलेश्वरी की पवित्र धरती पर हुए इस कार्यक्रम में पूज्य अजय उपाध्याय जी महाराज का सानिध्य रहा। प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने सभी 140 लोगों के पैर धोकर उनका सनातन धर्म में स्वागत किया। इस ऐतिहासिक मौके को उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता दिलीप सिंह जूदेव को समर्पित किया, जिन्होंने ‘घर वापसी अभियान’ की शुरुआत की थी।

प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने अपने संबोधन में कहा कि यह अभियान सिर्फ धर्म का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और संस्कृति संरक्षण का कार्य है, जिसे वह जीवन भर जारी रखेंगे। उन्होंने इस ‘घर वापसी’ को जनजातीय संस्कृति के लिए संघर्ष करने वाले कार्तिक उराव जी की जयंती को समर्पित किया।
इस आयोजन में घर वापसी छत्तीसगढ़ प्रांत की संयोजिका अंजू गबेल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिन्होंने युवाओं से धर्म और संस्कृति के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

