छत्तीसगढ़ में 50 परिवारों के 104 लोगों ने की घर वापसी: BJP नेता ने ‘पैर पखारकर’ किया सनातन में स्वागत, कहा- यहाँ बंगाल नहीं बनने देंगे

छत्तीसगढ़ के महासमुन्द जिले के सरायपाली में स्थित स्वामी सुमेधानंद वैदिक गुरुकुल में गुरुवार (15 जनवरी 2025) ka 50 से अधिक परिवारों के 104 लोगों ने घर वापसी की। छत्तीसगढ़ की बीजेपी ईकाई के उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय घर वापसी प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने लोगों का ‘पैर पखारकर’ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सनातन धर्म में स्वागत किया है।

प्रबल प्रताप ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “धर्मांतरण के षड्यंत्र से पूरे भारत की जनसांख्यिकी बदल रही है। भारत के 800 जिलों में से 200 जिलों में हिन्दू अल्पमत में आ गए हैं। यह राष्ट्र सुरक्षा का गंभीर विषय है।” उन्होंने आगे लिखा, “माँ रूद्रेश्वरी की पावन धरा सरायपाली में 104 की ‘घर वापसी’ कराई। छत्तीसगढ़ को बंगाल कतई बन्ने नहीं देंगे।” प्रबल प्रताप ने लोगों के ‘पैर पखारते’ हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

प्रबल प्रताप ने पोस्ट में कहा है कि वह अपने पिता कुमार दिलीप सिंह जूदेव द्वारा शुरू किए गए इस ‘घर वापसी’ अभियान को लगातार आगे बढ़ाते रहेंगे। वह पहले भी दर्जनों बार लोगों के घर वापसी अभियानों में शामिल रहे हैं और लोगों को अपनी जड़ों की ओर लौटने के लिए प्रेरित करते रहे हैं।