मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार (8 जुलाई) को अपने दो दिवसीय दौरे पर 15वीं बार भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट पहुँचे। देवांगना एयरपोर्ट की टेबल-टॉप हवाई पट्टी पर उतरने के बाद CM सीधे चित्रकूट इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में पहुँचे।
यहाँ उन्होंने बटन दबाकर ₹950.89 करोड़ की 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान CM योगी ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और कॉन्ग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।
चित्रकूट बनेगा शस्त्र और शास्त्र का बड़ा केंद्र
भविष्य के विकास का रोडमैप रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट अब केवल अध्यात्म का ही नहीं, बल्कि ‘शस्त्र और शास्त्र’ के संधान का केंद्र बनेगा। यहाँ उत्तर प्रदेश का डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर बन रहा है। जल्द ही यहाँ बहुत बड़ा निवेश आने वाला है।
अब यहाँ भारतीय सेनाओं के लिए आधुनिक हथियार बनाए जाएँगे। इसके अलावा रानीपुर टाइगर रिजर्व को भी तेजी से विकसित किया जा रहा है। किसानों को सम्मान निधि, फसल बीमा और मुफ्त सिंचाई का पूरा लाभ मिल रहा है।
जनपद चित्रकूट में ₹951 करोड़ लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास हेतु आयोजित कार्यक्रम में… https://t.co/yiKYsyUR7n
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 8, 2026
लाभार्थियों को बांटे चेक और स्मार्टफोन
मंच से मुख्यमंत्री ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए। उन्होंने युवा मुख्यमंत्री योजना के लाभार्थी विजय कुमार और सत्यम मिश्रा को 5-5 लाख रुपए के डमी चेक सौंपे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ममता सोनी और आकृति शर्मा को स्मार्टफोन दिए गए।
संगीता और शिवकुमारी को प्रधानमंत्री आवास की चाबियाँ दी गईं। इसके अलावा इंटर और हाईस्कूल में पहला स्थान पाने वाले छात्र बप्पारावल और मानसी को 1-1 लाख रुपए का चेक देकर सम्मानित किया गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: काले रेनकोट और छातों पर लगी रोक
मुख्यमंत्री के इस दो दिवसीय दौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं। पूरे क्षेत्र को 5 प्रमुख सुरक्षा जोन में बाँटा गया है। सुरक्षा की जिम्मेदारी करीब दो हजार पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है।
बारिश की संभावना को देखते हुए सभी जवानों को रेनकोट रखने के निर्देश दिए गए हैं। हालाँकि, सुरक्षा कारणों से VVIP सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत काले रंग के रेनकोट और काले छातों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
पहले डकैतों का राज था, अब बदल चुका है चित्रकूट
जनसभा को संबोधित करते हुए CM योगी ने कहा कि पहले चित्रकूट में डकैतों का खौफ था। यहाँ सड़कें नहीं थीं और पूरा इलाका उपेक्षित था। पहली बार जब वे मुख्यमंत्री बनकर आए थे, तो उन्होंने अधिकारियों को इसे विकसित करने का निर्देश दिया था।
आज चित्रकूट बदल चुका है। यहाँ पहाड़ पर शानदार एयरपोर्ट बना है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे इस इलाके की लाइफलाइन बन चुका है। प्रभु राम ने यहाँ अपने वनवास के 12 वर्ष बिताए थे। इसलिए यह भूमि बहुत पावन है।
सपा को सिर्फ ठेके-पट्टे और जमीन कब्जे से फुर्सत
विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए CM योगी ने कहा कि सपा के लोग डॉ राम मनोहर लोहिया के नाम पर सियासत करते हैं। लेकिन सत्ता में आते ही वे सिर्फ अपने परिवार का विकास करते हैं। वंशवाद और परिवारवाद से वे ऊपर नहीं उठ पाते।
डॉ लोहिया के नाम पर प्रदेश में रामायण मेला शुरू हुआ था। लेकिन आज के समाजवादी राम से दूरी बनाते हैं और बाबर को अपना आदर्श मानते हैं। सपा सरकार में केवल भय और दहशत का माहौल था। तब गरीबों के हक के पैसों पर ‘सपाई डाका’ पड़ता था।
अयोध्या को बदनाम करने की हो रही है साजिश
CM योगी ने अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने बताया कि जैसे ही चंदे में चोरी की शिकायत मिली, सरकार ने तुरंत एसआईटी (SIT) गठित कर दी। जाँच में 6 लोग चोरी करते पकड़े गए और 2 साजिशकर्ता थे। कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
FIR दर्ज हो चुकी है। ऐसे में पूरे ट्रस्ट को बदनाम करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग जन्मजात अयोध्या को कोसते थे, आज वे आस्था का नाटक कर रहे हैं। कॉन्ग्रेस ने तो सुप्रीम कोर्ट में भगवान राम को काल्पनिक तक बता दिया था।

