पानी पिलाकर कहा- ‘अब तुम ईसाई हो’, बीमारी ठीक करने का दिया लालच: राजस्थान के श्रीगंगानगर में बाप-बेटे करवा रहे धर्मांतरण, 25 परिवारों को बनाया ईसाई

राजस्थान के श्रीगंगानगर में बाप बग्गूसिंह और बेटा अमनदीप सिंह ईसाई धर्मांतरण करवा रहे हैं। बाप और बेटे ने अपने घर में चर्च बनाया है, जहाँ प्रार्थना सभा में गरीब लोगों को बीमारी ठीक करने का लालच देकर ईसाई बनाते हैं। पुलिस ने बाप-बेटे के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं बाप फरार है।

यह मामला खाटलबाना गाँव के रहने वाले सतनाम सिंह की पुलिस थाने में दर्ज की शिकायत के बाद सामने आया है। शिकायत में सतनाम ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार चल रहा है। गाँव के ही बग्गू सिंह, जो खुद को पादरी बताता है, उसने बीमारी ठीक करने का दावा कर घर बुलाया।

बग्गू सिंह ने कहा कि ईसाई धर्म अपनाने से उसकी बीमारी ठीक हो जाएगी। इसके बाद उसने अपने घर ले जाकर सतनाम को पानी पिलाया, कुछ मंत्र पढ़े और सिर पर हाथ रखकर कहा- “अब तुम ईसाई हो गए हो, प्रभु यीशु तुम्हारी सारी बीमारी ठीक करेंगे।” सतनाम ने बताया कि बग्गू सिंह ने बाकी धर्मों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी भी की।

सतनाम ने ये बात अपने बेटे सुखविंद्र को बताई तो उसने बग्गूसिंह का विरोध किया। फिर बग्गूसिंह ने उसको धमकी दी और कहा कि उसके बड़े अधिकारियों से संपर्क हैं और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। यहाँ तक की बग्गू सिंह के बेटे अमनदीप ने भी फोन पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने मामले में पादरी और उसके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 25 परिवारों में धर्मांतरण करवाया गया है। मामले में बेटे अमनदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। वही बाप बग्गू सिंह फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।