प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से ईंधन बचाने, आयात कम करने और विदेशी मुद्रा पर दबाव घटाने की अपील के बाद दिल्ली सरकार ने राजधानी में बड़े स्तर पर बदलाव लागू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ नाम से 90 दिनों का जन-अभियान शुरू करने की घोषणा की गई।
सरकार का कहना है कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और बढ़ती पेट्रोल-डीजल खपत को देखते हुए अब सिर्फ सरकारी स्तर पर नहीं, बल्कि आम लोगों को भी अपनी जीवनशैली में बदलाव लाना होगा। इसी उद्देश्य से दिल्ली को ‘प्रैक्टिकल सिटी मॉडल’ के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है।
Work From Home और ऑनलाइन सिस्टम को बढ़ावा
दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए सप्ताह में दो दिन Work From Home अनिवार्य करने का फैसला लिया है। निजी कंपनियों को भी कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा देने की सलाह दी है। इसके अलावा दिल्ली सचिवालय और विभिन्न सरकारी विभागों की कम से कम 50 प्रतिशत बैठकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित किया जाएगा।
कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों से नॉन प्रैक्टिकल क्लासेज, गेस्ट लेक्चर्स और प्रशासनिक बैठकों को ऑनलाइन मोड में संचालित करने को कहा गया है। अदालतों से भी वर्चुअल सुनवाई को बढ़ावा देने का अनुरोध किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे ट्रैफिक दबाव कम होगा और ईंधन की बड़ी बचत हो सकेगी।
ट्रैफिक और ईंधन बचत के लिए नई Vehicle पॉलिसी, ‘मेड इन इंडिया’ पर जोर
राजधानी में ट्रैफिक और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए ऑफिस टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है। MCD दफ्तर सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक, दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 10:30 बजे से शाम 7 बजे तक और केंद्र सरकार के दफ्तर सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होंगे।
सरकार ने ‘Metro Monday’ अभियान शुरू करने की घोषणा की है, जिसके तहत सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को सोमवार के दिन मेट्रो से यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। हफ्ते में एक दिन ‘No Vehicle Day’ मनाने की अपील भी की गई है। अगले एक साल तक मंत्रियों और अधिकारियों की आधिकारिक विदेश यात्राओं पर रोक लगा दी है।
सरकार ने लोगों से कार-पूलिंग, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की है। बाजारों और मॉल में ‘Made in India’ कॉर्नर बनाने पर भी जोर दिया गया है। साथ ही गैरजरूरी विदेशी यात्राओं, gold खरीद और तेल की बर्बादी कम करने का संदेश दिया गया है।

