पश्चिम बंगाल में चुनाव के मद्देनजर पहले चरण का मतदान गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को होना है। इसके चलते उम्मीदवारों अपनी ताकत झोंक रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार (22 अप्रैल 2026) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोलकाता के जोरासांको में जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में जंगलराज से रामराज तक का सफर जनता को बताया। साथ ही सीएम ने बंगाल की धरा से जन्में महान पुरुषों और नारियों को भी याद किया।
कोलकाता के जोरासांको की ऊर्जावान जनता का यह उत्साह स्पष्ट संकेत है कि बंगाल की संस्कृति और विरासत को सहेजने के लिए उन्होंने परिवर्तन का मन बना लिया है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 22, 2026
जोरासांको की प्रबुद्ध जनता के मध्य… https://t.co/pf7hvm6Igz
बंगाल की धरा, भारत की आध्यात्मिक धरा: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बंगाल की धरती से जन्में महान पुरुषों और नारियों के शौर्य और सम्मान को याद किया। उन्होंने कहा, “बंगाल की धरा, भारत की आध्यात्मिक धरा है। भगवान राम-कृष्ण हो, स्वामी विवेकानंद हो या भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक संत आचार्य स्वामी प्रणवानमंद जी महाराज हो। बंगाल की धरा से वैश्विक धरा तक, सनातन की पताका को फहराने का काम इन्होंने किया था।”
उन्होंने आगे कहा, “बंगाल की ही धरा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को जन्म दिया। बंगाल में ही बैरकपुर में मंगल पांडे ने देश की प्रथम स्वतंत्रता की चिंगारी को प्रज्जवलित किया था। ये बंगाल की धरा है, जिसने एक से एक महापुरुष दिए। स्वतंत्र भारत में भी भारत को राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत भी दिया है। साहित्य में पहला नोबल शांति पुरस्कार भी इसी धरा में जन्में पहले भारतीय रबिन्द्रनाथ ठाकुर को मिला था। जब भारत गौरवांवित हुआ था।”
TMC कें गुंडो और ममता बनर्जी पर साधा निशाना
बंगाल में मौजूदा सत्ताधारी पार्टी TMC और उसकी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने बंगाल की धरा का कभी सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा, “जहाँ रबिन्द्रनाथ टैगोर के परिसर में उनकी प्रतिमा या तस्वीर होनी चाहिए थी, भारत माता की तस्वीर होनी चाहिए थी, वहाँ TMC के गुंडों ने जबरन उस पर कब्जा करके ममता दीदी का फोटो लगा दिया। ये बंगाल की अस्मिता का अपमान है।”
मुख्यमंत्री योगी ने वंदे मातरम को 150 साल पूरे होने पर बंगाल को TMC से मुक्त करने की बात कही। सीएम ने कहा, “एक समय था जब भारत अपनी आजादी के लिए लड़ रहा था। तब ये ही बंगाल है, जिस धरा से बंकिम चंद्र चटोपाध्याय ने वंदे मातरम का अमरदान दिया था, जो स्वतंत्र भारत में भारत का राष्ट्रगीत बना। वंदे मातरम गीत के 150 साल पूरे हो रहे हैं, तो बंगाल को TMC की गुलामी से मुक्त होने का अवसर भी आप सबके सामने है।”
TMC के गुंडों के कुकर्मों को बताते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “यहाँ का किसान, उद्यमी परिश्रमी है। जब देश आजाद हुआ था तो भारत की अर्थव्यवस्था में बंगाल का अहम योगदान था। पूरा देश रोजगार के लिए बंगाल आता था। यहाँ इनोवेशन होते थे, ज्ञान की धरा थी। पहले कॉन्ग्रेस ने लूटा, फिर कम्युनिस्टों ने लूटा और पिछले 15 साल से TMC के गुंडे बंगाल को कंगाल बनाने के लिए यत्न कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “बंगाल अब रोजगार के अँधकार में है, अन्नदाता किसान बदहाल है, उद्योग बंद हो रहे हैं। पिछले 10 सालों के भीतर 7 हजार से अधिक बड़े उद्योग बंगाल में बंद हुए हैं। हजारों MSMU यूनिट बंद हो गए हैं। 30 लाख से अधिक युवा बेरोजगार हो रहे हैं। लेकिन TMC की ममता दीदी के कानों में जूँ नहीं रैंग रहा है। बुआ-भतीजे दोनों बंगाल के अस्तित्व को समाप्त करना चाहते हैं।”
मुख्यमंत्री योगी ने कोलकाता के मेयर की बंगाल में उर्दू चलाने की इच्छा पर कहा, “कोलकाता का मेयर यहाँ उर्दू चलाना चाहता है। लेकिन हम कहने आए हैं कि बंगाल की अस्मिता से कोई माई का लाल खिलवाड़ नहीं कर सकता है। जो लोग TMC के लोग बंगाल की अस्मिता के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, उनको बताने की जरूरत है। बंगाल की पहचान काबा से नहीं है, बंगाल की पहचान माँ काली से है।”
TMC के विफल शासन की UP के सपा शासन से की तुलना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बंगाल में TMC शासन की तुलना उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी के ‘जंगलराज’ से की है। उन्होंने कहा, “बंगाल में धड़ल्ले से गौ हत्या होती है। भगवान राम के नाम से चिड़ है ममता दीदी को। दुर्गा पूजा के समय परमिशन नहीं मिलती है। शोभायात्रा निकालने पर प्रतिबंधित करती है। बहन-बेटियाँ सुरक्षित नहीं है। व्यापारी सुरक्षित नहीं है। TMC के गुंडे उनसे गुंडा टैक्स वसूलते हैं। यहाँ जो अराजकता दिख रही है, इसी प्रकार की अराजकता पहले उत्तर प्रदेश में भी दिखती थी। TMC की ही सहयोगी दल वहाँ अराजकता फैलाए हुए थी।”
उन्होंने 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में ‘रामराज’ को लेकर कहा, “आज यूपी में उपद्रव नहीं है, उत्सव है। आज यूपी में लोग रामराज के नए युग में जी रहे हैं। आज वहाँ कर्फ्यू नहीं है, नो कर्फ्यू नो दंगा, वहाँ सब चंगा। यूपी में शांति है। माफिया समाप्त, गुंडा समाप्त। वहाँ माफिया या गुंडा कोई भी सिर उठाता है, तो यूपी का बुलडोजर उनकी हड्डी-पसलियों को हाईवे बनाने में उपयोग करता है।”

