काकरोच जनता पार्टी (CJP) का छात्र आंदोलन और जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और फर्जी खबरें फैलाने वाले पाकिस्तान से संचालित होने वाले करीब 480 सोशल मीडिया हैंडल को पहचान कर ब्लॉक कर दिया है।
इसके साथ ही जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के संबंध में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए दिल्ली पुलिस के साउथ ईस्ट जिले ने पिछले 48 घंटों में 200 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे 25 से अधिक छात्रों को भी लोधी कॉलोनी पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया गया है। वहीं सीमा पर चेकिंग के दौरान दो लोगों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पाकिस्तान के फर्जी सोशल मीडिया हैंडल पर पुलिस का वार
दिल्ली पुलिस ने एक वीडियो मैसेज जारी कर फर्जी खबरों को लेकर चेतावनी जारी की है। पुलिस ने बताया कि देश में चल रहे छात्र आंदोलन का फायदा उठाने की कोशिश की जा रही है। पाकिस्तान से चलने वाले 400 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित किया गया है। ये अकाउंट्स फर्जी कंटेंट, एडिटेड वीडियो और अफवाहें फैलाकर लोगों को भड़काने का काम कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन सभी फर्जी हैंडल्स को ब्लॉक करना शुरू कर दिया है।
पुलिस का दावा है कि ये वही सोशल मीडिया अकाउंट्स हैं जो पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी एक्टिव थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इन हैंडल्स का सिर्फ एक ही मकसद है, लोगों को उकसाना और छात्रों का ध्यान भटकाना। दिल्ली पुलिस ने आम जनता और छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान हैंडल, एडिटेड वीडियो या फर्जी पोस्ट पर भरोसा न करें। बच्चों और समाज की सुरक्षा के लिए किसी भी तरह के बहकावे में आने से बचें।
480 Pakistan-based social media handles involved in coordinated misinformation campaigns were identified and blocked.
— Delhi Police (@DelhiPolice) July 23, 2026
Delhi Police appeals to students and youth to be wary of such foreign accounts spreading rumours to mislead the situation.@LtGovDelhi #DPUpdates pic.twitter.com/SXzwXosDGr
प्रदर्शन स्थल और सीमाओं पर कड़ी सुरक्षा, हिरासत में कई संदिग्ध
जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है। साउथ ईस्ट जिला पुलिस ने पिछले 48 घंटों में 200 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। इन लोगों को नीला गुंबद, हजरत निजामुद्दीन, ओबेरॉय होटल फ्लाईओवर और बदरपुर अंतरराज्यीय सीमा जैसे प्रमुख स्थानों से पकड़ा गया। पुलिस ने सभी हिरासत में लिए गए लोगों को वेरिफिकेशन के लिए डिटेक्शन सेंटर (STU), पुलिस स्टेशन बदरपुर बॉर्डर भेजा। जरूरी जाँच के बाद देर शाम सभी को छोड़ दिया गया।
सुरक्षा जाँच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता भी मिली है। बदरपुर बॉर्डर पिकेट पर बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश कर रहे दो बाइक सवारों को पुलिस ने पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा और एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बल्लभगढ़ निवासी नवीन वत्स और सौरभ गोस्वामी के रूप में हुई है। इस घटना से यह साफ होता है कि प्रदर्शन में उपद्रव फैलाने के लिए कुछ सशस्त्र तत्व घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।
दूसरी तरफ, लोधी कॉलोनी पुलिस स्टेशन की टीम ने 25 से अधिक छात्रों को हिरासत में लिया है। ये छात्र अलग-अलग इलाकों से हाथ में पोस्टर लेकर जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे थे।

