‘रेप के बाद लड़की कहती होगी, cuddle नहीं करोगे’: ‘370 की बिरयानी’ के बाद अब मधुर विरली का भद्दा ‘मजाक’, Video वायरल हुआ तो बंद किया इंस्टाग्राम अकाउंट

देशभर में कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में ‘370 की बिरयानी’ के मामले को लेकर ही गुस्सा शांत नहीं हुआ था कि अब एक और कॉमेडियन का शर्मनाक ‘जोक’ वायरल हो रहा है। यह घृणित जोक स्टैंड-अप कॉमेडियन मधुर विरली के 2024 के शो ‘Love & Latex’ का बताया जा रहा है। इसमें वह रेप जैसे जघन्य अपराध को लेकर मजाक करते नजर आ रहे हैं।

वायरल क्लिप में विरली रेप मामलों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते सुनाई देते हैं। वह कहते हैं कि 10 रेप मामलों में से 9 में सिर्फ रेप होता है जबकि एक मामले में हत्या भी होती है। इसके बाद वह पीड़िता द्वारा ‘कडलिंग’ की बात पूछने पर आरोपी के उसे चाकू मारने की बात कहते हैं। इस हिस्से पर शो में मौजूद लोगों की हँसी सुनाई देती है लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी नाराजगी सामने आई है।

एक यूजर ने X पर विरली के इस कथित जो का वीडियो शेयर कर लिखा, “मधुर विरली से मिलिए। आखिर रेप जैसे गंभीर अपराध पर मजाक करना कब से सामान्य हो गया? अगर आप बिना किसी की जिंदगी के सबसे दर्दनाक अनुभव का मजाक उड़ाए लोगों को हँसा नहीं सकते, तो शायद कॉमेडी आपके बस की बात नहीं है।”

एक अन्य X यूजर ने लिखा, “एक कॉमेडियन रेप पीड़ितों पर मजाक करता है। सामने बैठे लोग हँसते हैं। और सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कुछ महिलाएँ भी उस पर हँस रही होती हैं, जिसे समझना और मुश्किल हो जाता है। कुछ लोग इसे ‘डार्क ह्यूमर’ कहकर सही ठहराने लगते हैं। लेकिन आखिर पीड़ितों के दर्द का मजाक उड़ाना कब से मनोरंजन बन गया?”

असंवेदनशील जोक्स को लेकर बढ़ते विवाद के बीच मधुर विरली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स डीएक्टिवेट कर दिए हैं। हालाँकि, इंटरनेट पर उनके पुराने वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह ‘रेप’ पर मजाक करते दिखते हैं।